Samachar Post रिपोर्टर,पलामू :झारखंड के पलामू जिले में वर्षों से पानी की कमी और सूखे की समस्या झेल रहे किसानों के लिए सोन पाइपलाइन योजना उम्मीद की नई किरण बनकर उभरी है। अगर यह परियोजना तय समय पर पूरी होती है, तो क्षेत्र में खेती, पेयजल और ग्रामीण जीवन में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत सोन नदी का पानी पाइपलाइन, टनल और आधुनिक पंपिंग सिस्टम के जरिए खेतों और जलाशयों तक पहुंचाया जाएगा। पहले चरण में छतरपुर और हुसैनाबाद क्षेत्र को जोड़ा गया है। इसके लिए करीब 1500 एमएम व्यास की पाइपलाइन बिछाई जाएगी और हाईटेक ट्रांसमिशन नेटवर्क तैयार किया जाएगा।
यह भी पढ़ें :रांची के सोनाहातू में कुएं में गिरा हाथी, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
हजारों किसानों को सीधा फायदा, 96 गांवों में पहुंचेगा पानी
इस परियोजना से करीब 48 हजार हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी। साथ ही लगभग 2 लाख घरों तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। इससे ग्रामीण इलाकों में पानी की किल्लत काफी हद तक दूर होने की उम्मीद है। योजना के तहत हैदरनगर, मोहम्मदगंज और हुसैनाबाद प्रखंड के 96 गांवों को जोड़ा जाएगा। इन क्षेत्रों में खेती अभी तक पूरी तरह बारिश पर निर्भर है। पानी पहुंचने के बाद यहां बहुफसली खेती को बढ़ावा मिलेगा और किसानों की आय में वृद्धि होगी। फिलहाल छतरपुर और हुसैनाबाद इलाके में केवल 12% खेतों तक ही सिंचाई सुविधा उपलब्ध है। योजना लागू होने के बाद किसान एक फसल के बजाय कई फसलें उगा सकेंगे, जिससे आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।
456 करोड़ की परियोजना
इस परियोजना के तहत बतरे, बटाने, जिंजोई, सिरनिया और कासीसोत जैसे जलाशयों को भी भरा जाएगा। दूसरे चरण में पाटन, विश्रामपुर और मेदिनीनगर को जोड़ने की योजना है। करीब 456.63 करोड़ रुपये की इस योजना का शिलान्यास 10 फरवरी 2024 को चंपाई सोरेन ने किया था। परियोजना के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी सिगमा आर.डी. कंसल्टेंट प्राइवेट लिमिटेड को सौंपी गई है।
शुरुआत में ही विवाद
जहां यह योजना विकास की उम्मीद जगाती है, वहीं इसके पहले चरण को लेकर विवाद भी सामने आने लगे हैं। हुसैनाबाद को शामिल करने को लेकर असमंजस बना हुआ है। पूर्व मंत्री कमलेश कुमार सिंह ने चेतावनी दी है कि अगर क्षेत्र के साथ भेदभाव हुआ तो आंदोलन किया जाएगा। सोन पाइपलाइन योजना पलामू के लिए गेमचेंजर साबित हो सकती है, लेकिन इसकी सफलता पारदर्शी और समयबद्ध क्रियान्वयन पर निर्भर करेगी।
Reporter | Samachar Post