- इलाज में लापरवाही का आरोप, CCTV जांच की मांग; आरोपी वाहन चालक फरार
Samachar Post रिपोर्टर, दुमका: दुमका शहर के वीर कुंवर सिंह चौक पर हुए सड़क हादसे में 24 वर्षीय डिलीवरी बॉय राहुल दास की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। जानकारी के अनुसार, बांस लदी चाइना ट्रॉली ने राहुल दास को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
ई-कॉमर्स कंपनी में करता था काम
राहुल दास नगर थाना क्षेत्र के मोचीपाड़ा का निवासी था और एक ई-कॉमर्स कंपनी में डिलीवरी बॉय के रूप में कार्यरत था। परिजनों के मुताबिक, वह रात में किसी काम से घर से निकला था, जिसके बाद हादसे की सूचना मिली।
यह भी पढ़ें: झारखंड का जामताड़ा गांव आज भी अंधेरे में, बिजली न होने से बढ़ा पलायन और बच्चों की पढ़ाई प्रभावित
परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप
मृतक के परिजनों ने पुलिस और अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि ट्रॉली चालक टक्कर मारकर फरार हो गया, पुलिस देर से मौके पर पहुंची, अस्पताल में समय पर इलाज शुरू नहीं किया गया। परिजनों का दावा है कि समय पर उपचार मिलता तो राहुल की जान बच सकती थी। स्थानीय लोगों ने घटना की सच्चाई सामने लाने के लिए इलाके के CCTV फुटेज खंगालने की मांग की है, ताकि दोषी की पहचान हो सके।
सड़क जाम कर जताया विरोध
घटना से आक्रोशित लोगों ने जेल रोड स्थित दुर्गा स्थान के पास सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान यातायात कुछ समय के लिए बाधित रहा। स्थानीय लोगों और परिजनों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।