Samachar Post रिपोर्टर, रांची :रामगढ़ के पतरातू में देर रात फायरिंग की घटना से सनसनी फैल गई। निर्माणाधीन रेल ओवरब्रिज साइट पर तैनात सुरक्षा गार्ड को गोली मार दी गई, जिसे गंभीर हालत में रांची रेफर किया गया है। पतरातू थाना क्षेत्र में एक बार फिर अपराधियों ने देर रात गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया। भुरकुंडा-सौंदा बस्ती मार्ग स्थित पतरातू रेलवे फाटक के पास बन रहे रेल ओवरब्रिज साइट पर तैनात एक सुरक्षा गार्ड को गोली मार दी गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
यह भी पढ़ें :मुरहू हिंसा के बाद खूंटी में तनाव, सर्व सनातन समाज ने अनिश्चितकालीन बंद का ऐलान
बाइक सवार बदमाशों ने की फायरिंग
जानकारी के मुताबिक, जयनगर निवासी सुरक्षा गार्ड प्रदीप राजवंशी देर रात ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान बाइक पर सवार दो हथियारबंद अपराधी मौके पर पहुंचे और बिना किसी चेतावनी के फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली गार्ड की जांघ में लगी, जिससे वह मौके पर ही घायल होकर गिर पड़े। गोली चलने की आवाज सुनते ही निर्माण स्थल पर मौजूद मजदूरों में भगदड़ मच गई। आसपास के लोग भी इस घटना से सहम गए। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए।
घटनास्थल से मिला सुराग
पुलिस को मौके से एक खोखा और अपराधियों द्वारा छोड़ा गया एक संदिग्ध पर्चा मिला है। फिलहाल इसकी जांच की जा रही है, जिससे घटना के पीछे के मकसद का पता लगाया जा सके। घायल गार्ड को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें बेहतर उपचार के लिए रिम्स रेफर कर दिया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, उनकी हालत फिलहाल स्थिर है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और फरार अपराधियों की तलाश की जा रही है। एसडीपीओ पतरातू गौरव गोस्वामी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और घायल के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
Reporter | Samachar Post