Samachar Post रिपोर्टर,खूंटी :झारखंड के मुरहू में रामनवमी की रात अचानक हुई पत्थरबाजी ने माहौल को तनावपूर्ण बना दिया। इस घटना में थाना प्रभारी नॉवेल गॉडविन केरकेट्टा समेत कई स्थानीय लोग घायल हो गए। हालांकि पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर रात में स्थिति को किसी तरह नियंत्रित कर लिया। घटना के दौरान अज्ञात लोगों द्वारा अचानक पत्थरबाजी शुरू कर दी गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए हालात को संभालने की कोशिश की और देर रात स्थिति पर काबू पा लिया गया।
यह भी पढ़ें :गुमला में रामनवमी जुलूस के दौरान घर से चोरी, गहने और नकद उड़ाए गए
अगले दिन बाजार बंद, लोगों में आक्रोश
घटना के बाद शनिवार सुबह मुरहू में लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। स्थानीय लोगों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं और महादेव मंडा के पास एकत्र होकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। सूत्रों के मुताबिक, दूसरे पक्ष के लोग भी एकजुट हो गए, जिससे माहौल और संवेदनशील हो गया। दिन में भी दोनों पक्षों के बीच फिर से पत्थरबाजी की घटनाएं सामने आईं, जिससे स्थिति और बिगड़ गई।
भारी पुलिस बल तैनात, प्रशासन अलर्ट
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है। पुलिस लगातार निगरानी कर रही है और किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए तैयार है। अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है, ताकि जल्द से जल्द हालात सामान्य हो सकें।
Reporter | Samachar Post