Samachar Post रिपोर्टर,पलामू :जिले के पांकी क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां कथित लापरवाही और गलत इलाज के आरोप के बीच 6 साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। मृत बच्ची की पहचान रतनपुर पंचायत के इरगू टोला तेतरखाड़ निवासी जियालाल उरांव की बेटी अशरती कुमारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अशरती पांकी-मेदिनीनगर मुख्य मार्ग स्थित बसडीहा के एक आवासीय छात्रावास में रहकर पढ़ाई कर रही थी। अचानक तबीयत बिगड़ने पर उसे पांकी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
यह भी पढ़ें :कोडरमा में राम नवमी जुलूस के दौरान हादसा, तलवारबाजी में युवक गंभीर रूप से घायल
डॉक्टर नहीं, स्टाफ कर रहा था इलाज
परिजनों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि अस्पताल में उस समय डॉक्टर मौजूद नहीं थे और स्टाफ ही बच्ची का इलाज कर रहा था। वहीं अस्पताल के चिकित्सक डॉ. वीरेंद्र का कहना है कि बच्ची को अस्पताल में छोड़कर शिक्षक चले गए थे, जिससे समय पर सही जानकारी नहीं मिल पाई और स्थिति बिगड़ गई। दोनों पक्षों के अलग-अलग दावों से मामला संदिग्ध बन गया है। घटना के बाद बच्ची के परिवार में मातम पसरा हुआ है। गांव में भी शोक का माहौल है और हर कोई इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध है। स्थानीय लोगों में घटना को लेकर भारी आक्रोश है। लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
आवासीय विद्यालयों की व्यवस्था पर सवाल
इस घटना के बाद क्षेत्र में संचालित आवासीय विद्यालयों की व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। आरोप है कि कई जगह बच्चों को न तो बेहतर शिक्षा मिल रही है और न ही स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हैं।
सिस्टम पर उठे गंभीर सवाल
यह घटना स्वास्थ्य व्यवस्था और छात्रावासों की निगरानी पर बड़े सवाल खड़े करती है। अब सबकी नजर जांच पर है कि सच्चाई क्या सामने आती है और जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई होती है।
Reporter | Samachar Post