Samachar Post रिपोर्टर,जमशेदपुर :झारखंड के जमशेदपुर में गैस सिलेंडर की किल्लत और जमाखोरी की शिकायतों के बाद प्रशासन एक्शन मोड में नजर आ रहा है। उपायुक्त के निर्देश पर शहर के विभिन्न इलाकों में एलपीजी गैस एजेंसियों और गोदामों का सघन निरीक्षण किया गया। अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम और एडीएम लॉ एंड ऑर्डर के नेतृत्व में गठित टीम ने मानगो, डिमना, टेल्को और सिदगोड़ा क्षेत्रों में स्थित गैस एजेंसियों और उनके गोदामों की जांच की। इस दौरान सिलेंडरों के स्टॉक, सप्लाई सिस्टम, बुकिंग और डिलीवरी प्रक्रिया के साथ-साथ सुरक्षा मानकों और लाइसेंस से जुड़े दस्तावेजों की गहन पड़ताल की गई।
यह भी पढ़ें :खरसावां में अवैध बालू कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, छापेमारी में दो लोडेड हाइवा जब्त
अवैध रिफिलिंग पर कार्रवाई
निरीक्षण के दौरान सिदगोड़ा इलाके में एक गैस चूल्हा मरम्मत की दुकान में अवैध रूप से एलपीजी गैस रिफिलिंग का मामला सामने आया। प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दुकान को सील कर दिया।
प्रशासन की सख्त चेतावनी
अधिकारियों ने साफ कहा है कि गैस की जमाखोरी या कृत्रिम किल्लत पैदा करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही एजेंसियों और गोदाम संचालकों को सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया गया है। प्रशासन ने यह भी संकेत दिए हैं कि आम लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ऐसे निरीक्षण अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
Reporter | Samachar Post