Samachar Post रिपोर्टर,जामताड़ा :झारखंड के जामताड़ा जिले में गुरुवार शाम एक भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। दुलाडीह गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से 19 वर्षीय साहिल अंसारी की मौत हो गई, जबकि उसकी मां सलमा खातून और तीन वर्षीय भाई बिलाल गंभीर रूप से घायल हैं। मिली जानकारी के अनुसार, मिहिजाम थाना क्षेत्र के बागजोरी निवासी सलमा खातून अपने दोनों बेटों के साथ श्यामपुर में एक रिश्तेदार के घर जा रही थीं। इसी दौरान दुलाडीह के समीप एक अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि तीनों गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत जामताड़ा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी नाजुक हालत को देखते हुए दुर्गापुर रेफर कर दिया गया। दुर्गापुर के विवेकानंद अस्पताल में इलाज के दौरान साहिल अंसारी ने दम तोड़ दिया।
यह भी पढ़ें :गिरिडीह: बाइक सवार को बचाने में सब्जी लदा पिकअप पलटा, सब्जियां सड़क पर बिखरी
परिवार पर टूटा संकट
साहिल अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। तीन साल पहले उसके पिता की एक हादसे में मौत हो गई थी, जिसके बाद घर की पूरी जिम्मेदारी साहिल पर थी। अब उसकी मौत के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट गहरा गया है।
ग्रामीणों में आक्रोश, मुआवजे की मांग
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शुक्रवार को साहिल के शव के साथ जामताड़ा थाने पहुंचकर प्रदर्शन किया। उनकी मांग है कि पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए, आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो और दुलाडीह रोड पर दुर्घटनाओं को रोकने के लिए स्पीड ब्रेकर व बेहतर ट्रैफिक व्यवस्था की जाए। फिलहाल पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ ग्रामीणों की वार्ता जारी है।
Reporter | Samachar Post