Samachar Post रिपोर्टर, रांची: झारखंड पुलिस मुख्यालय में आयोजित एक अहम बैठक में बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया गया है। पुलिस शिकायत कोषांग की बैठक में राज्यभर के 522 पुलिसकर्मियों के तबादले को मंजूरी दी गई है। बैठक अध्यक्षता राज्य की डीजीपी तदाशा मिश्रा ने की। इस दौरान पुलिस व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, संवेदनशील और जवाबदेह बनाने पर जोर दिया गया।
शिकायतों के आधार पर लिया गया निर्णय
बैठक में विभिन्न जिलों से पुलिसकर्मियों द्वारा दिए गए आवेदनों और शिकायतों की समीक्षा की गई। विस्तृत चर्चा के बाद तय किया गया कि प्रशासनिक संतुलन और कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए बड़े पैमाने पर तबादले किए जाएंगे। इस महत्वपूर्ण बैठक में एडीजी, आईजी मानवाधिकार, आईजी अभियान और कार्मिक डीआईजी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। सभी ने पुलिस कार्यप्रणाली में सुधार और जनविश्वास मजबूत करने को लेकर सुझाव दिए।
यह भी पढ़ें: रामनवमी को लेकर रांची में हाई अलर्ट: सुरक्षा तैयारियों की डीजीपी ने की समीक्षा
समयबद्ध शिकायत निपटारे पर जोर
डीजीपी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पुलिस से जुड़ी हर शिकायत का समयबद्ध और निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि झारखंड पुलिस का उद्देश्य केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि आम जनता का भरोसा भी मजबूत करना है। सूत्रों के अनुसार, तबादला सूची जल्द जारी की जा सकती है। इससे राज्य में पुलिसिंग व्यवस्था को और बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।