जामताड़ा में 2 सड़क हादसे: एक बुजुर्ग की मौत, 3 गंभीर घायल, नशे में ड्राइविंग पर उठे सवाल

Meenu | March 24, 2026 | 02:27 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,जामताड़ा :जामताड़ा जिले में सोमवार की रात दो अलग-अलग सड़क हादसों ने लोगों को झकझोर दिया। इन दुर्घटनाओं में एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि एक बच्चे सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटनाओं ने एक बार फिर लापरवाही और नशे में वाहन चलाने के खतरों को उजागर किया है।

पहली घटना: टेंपो हादसे में बुजुर्ग की मौत

पहली दुर्घटना करमाटांड़ थाना क्षेत्र के भरकट्टा इलाके में रात करीब 11:30 बजे हुई। एक तेज रफ्तार टेंपो अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। बताया जा रहा है कि चालक शराब के नशे में था और यात्रियों के बार-बार धीमी गति से चलाने के आग्रह को नजरअंदाज कर रहा था। इस हादसे में 65 वर्षीय शंकर महतो की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। वहीं 32 वर्षीय शनिचर सिंह गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनकी रीढ़ की हड्डी टूट गई है। उन्हें बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर किया गया है। इसके अलावा एक 11 वर्षीय बच्चा भी घायल हुआ है। पुलिस ने टेंपो को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें :गिरिडीह में कोयला लदा ट्रक पलटा, बुढ़वा तालाब रेलवे बायपास पर बड़ा हादसा टला

दूसरी घटना: बाइक सवार युवक गंभीर

दूसरी दुर्घटना रात करीब 9:30 बजे चित्तरंजन के फिल्टर हाउस WD इलाके में हुई। इस हादसे में मिहिजाम के अंबेडकर नगर निवासी 30 वर्षीय सुभम शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जोरदार थी कि वे मौके पर ही गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंची, जिससे घायल को काफी देर तक तड़पना पड़ा। प्राथमिक इलाज के बाद उनकी हालत नाजुक देखते हुए उन्हें दुर्गापुर रेफर किया गया। मामले की जांच RPF टीम ने शुरू कर दी है।

लापरवाही और नशे में ड्राइविंग बना बड़ा खतरा

इन दोनों घटनाओं ने साफ कर दिया है कि नशे में वाहन चलाना और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी न केवल चालक, बल्कि निर्दोष यात्रियों के लिए भी जानलेवा साबित हो सकती है।

Share this news

संबंधित खबरें