Samachar Post रिपोर्टर, सरायकेला-खरसावां : जिले के चांडिल स्थित नौका विहार क्षेत्र में सोमवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक जंगली हाथी अचानक पर्यटक स्थल में घुस आया। हाथी को देखते ही मौके पर मौजूद पर्यटक और दुकानदार दहशत में आ गए और सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।
अचानक पहुंचा हाथी, दहशत का माहौल
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाथी देर रात नौका विहार इलाके में पहुंचा, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। कई लोग दुकानों और बंद जगहों में छिप गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि हाथी ने किसी को नुकसान नहीं पहुंचाया और कुछ देर बाद वापस जंगल की ओर लौट गया।
यह भी पढ़ें: पर्यटन निगम में 10.40 करोड़ का घोटाला, ईडी ने दर्ज किया 2026 का पहला केस
वन विभाग पर लापरवाही का आरोप
स्थानीय लोगों का कहना है कि हाथी की गतिविधियों की जानकारी पहले ही वन विभाग को दे दी गई थी, लेकिन समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की गई। लोगों का आरोप है कि विभाग की लापरवाही के कारण यह घटना हुई, जिससे बड़ी दुर्घटना हो सकती थी।
प्रमुख पर्यटन स्थल पर असर
चांडिल का नौका विहार क्षेत्र झारखंड का एक प्रमुख पर्यटन स्थल है, जहां पश्चिम बंगाल, ओडिशा, बिहार और झारखंड से रोजाना बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। इस तरह की घटनाओं से पर्यटन पर नकारात्मक असर पड़ने की आशंका है, जिससे स्थानीय दुकानदारों और बोटिंग से जुड़े लोगों की आजीविका प्रभावित हो सकती है।
दलमा क्षेत्र से बढ़ी हाथियों की आवाजाही
स्थानीय लोगों के अनुसार दलमा सेंचुरी और गज परियोजना क्षेत्र के कारण हाथियों का झुंड ईचागढ़ और आसपास के इलाकों की ओर पलायन कर रहा है। पिछले कुछ वर्षों में इस क्षेत्र में हाथियों का उत्पात बढ़ा है कभी फसलों को नुकसान, तो कभी गांवों में घुसकर घरों और अनाज को बर्बाद करने की घटनाएं सामने आती रही हैं। लगातार नुकसान से परेशान कई किसानों ने खेती तक छोड़ दी है। हाथियों के डर से ग्रामीणों का जीवन प्रभावित हो रहा है और आर्थिक नुकसान भी बढ़ रहा है।
ग्रामीणों की मांग
स्थानीय लोगों ने वन विभाग से मांग की है कि, हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए विशेष टीम गठित की जाए
प्रभावित इलाकों में निगरानी बढ़ाई जाए हाथियों को जंगल तक सीमित रखने के लिए ठोस उपाय किए जाएं।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।