Samachar Post रिपोर्टर, गुमला: उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स (खनन) की बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, भंडारण और परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के उपायों की समीक्षा की गई। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी और टास्क फोर्स के सदस्य उपस्थित रहे।
सघन छापामारी और निगरानी
बैठक में निर्देश दिया गया कि नदियों के बालूघाटों से बालू उत्खनन पर राष्ट्रीय हरित अधिकरण के प्रतिबंध हटने के बाद भी संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित छापामारी अभियान चलाया जाएगा। अवैध खनन और परिवहन पर पूरी तरह रोक सुनिश्चित करने के लिए पर्यावरणीय रूप से संवेदनशील क्षेत्रों में निरीक्षण और संयुक्त छापामारी की जाएगी।
यह भी पढ़ें: झारखंड हाईकोर्ट ने अंजन विश्वकर्मा हत्या केस में अमजद गद्दी की जमानत खारिज की
बालूघाटों की ऑनलाइन नीलामी
जिले के 18 श्रेणी-द्वितीय बालूघाटों की ऑनलाइन नीलामी की सैद्धांतिक स्वीकृति दे दी गई है। प्रखंड विकास पदाधिकारियों को ग्राम सभा की मंजूरी प्रक्रिया शीघ्र पूरी कराने के निर्देश दिए गए, ताकि बालू की उपलब्धता जल्द सुनिश्चित हो सके।
कड़ी कार्रवाई और नियमों का पालन
बैठक में खनिज लदे वाहनों की सघन जांच, परिवहन चालान की समीक्षा, ओवरलोडिंग पर रोक और खनिजों को ढंककर परिवहन करने के नियमों का पालन सख्ती से कराने के निर्देश दिए गए।
अवैध खनन पर विशेष निगरानी
वृहत (बॉक्साइट) और लघु खनिज (पत्थर) के समाप्त और गैर-अधिकारित पट्टों पर विशेष नजर रखी जाएगी। खनन पट्टा और क्रशर इकाइयों की नियमित जांच कर सीमांकन स्तंभ, सूचना पट्ट और अन्य मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा। उपायुक्त ने साफ कहा कि अवैध खनन और परिवहन में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।