जामताड़ा में फर्जी कस्टमर केयर नंबर का खेल बेनकाब, 6 साइबर ठग गिरफ्तार

Rupa Kumari | March 18, 2026 | 05:19 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, जामताड़ा: साइबर ठगी के लिए बदनाम जामताड़ा में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 साइबर अपराधियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास फर्जी मोबाइल, सिम कार्ड, लैपटॉप और मोटरसाइकिल बरामद हुए हैं।

गुप्त सूचना पर छापेमारी

एसपी राजकुमार मेहता ने बताया कि करमाटांड़ थाना क्षेत्र के पदमडीह गांव के पास कुछ लोग साइबर ठगी कर रहे थे। इसके बाद साइबर थाना प्रभारी अमृत कुमार राम के नेतृत्व में टीम बनाई गई और छापेमारी की गई। आरोपियों को टॉड़ इलाके में घेराबंदी कर दबोचा गया।

यह भी पढ़ें: रामनवमी को लेकर पाकुड़ में तैयारियों का जोर, रेलवे कॉलोनी में अखाड़ा समिति की अहम बैठक

गिरफ्तार अपराधी

उज्जवल कुमार शाही, राजेन्द्र मंडल, राजकिशोर शाही, अजीत कुमार मंडल, अमित कुमार शाही और कुन्दन कुमार मंडल को गिरफ्तार किया गया। सभी अलग-अलग गांवों के निवासी हैं।

बरामद सामान

पुलिस ने आरोपियों के पास से ये चीजें बरामद कीं 13 मोबाइल फोन, 18 फर्जी सिम कार्ड, 1 लैपटॉप, 4 मोटरसाइकिल शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, अपराधी गूगल पर फर्जी कस्टमर केयर नंबर डालते थे। जब कोई ग्राहक कॉल करता, वे खुद को कंपनी का अधिकारी बता भरोसा जीतते और Quick Support या AnyDesk जैसे ऐप डाउनलोड करवा मोबाइल का एक्सेस ले लेते थे। इसके बाद बैंक से जुड़ी गोपनीय जानकारी निकालकर पैसे उड़ा लेते थे।

नेटवर्क देशव्यापी

जांच में पता चला कि यह गिरोह सिर्फ जामताड़ा तक सीमित नहीं था, बल्कि देश के कई राज्यों में लोगों को निशाना बना रहा था। मामले में जामताड़ा साइबर थाना में केस दर्ज किया गया है और पुलिस अब गिरोह के अन्य सहयोगियों और शिकार हुए लोगों की पहचान करने में जुटी है।

Share this news

संबंधित खबरें