Samachar Post रिपोर्टर, रामगढ़ : झारखंड के रामगढ़ जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस को नए वाहनों की बड़ी खेप मिली है। पुलिस विभाग को 13 नई बोलेरो गाड़ियां और 19 आधुनिक बाइक उपलब्ध कराई गई हैं। इन वाहनों के शामिल होने से जिले में पुलिस की पेट्रोलिंग और रिस्पांस सिस्टम को और मजबूत करने की योजना है।
एसपी ने खुद संभाली स्टीयरिंग
नए वाहन जैसे ही रामगढ़ जिला मुख्यालय पहुंचे, शनिवार को एसपी अजय कुमार खुद एक्शन मोड में नजर आए। उन्होंने नई बोलेरो की ड्राइविंग सीट संभाली और शहर के प्रमुख इलाकों का निरीक्षण किया। एसपी के नेतृत्व में निकले फ्लैग मार्च में जिले के अन्य वरीय पुलिस अधिकारी भी अपनी-अपनी नई गाड़ियों के साथ शामिल हुए।
यह भी पढ़ें: लातेहार में पुलिस को बड़ी कामयाबी, 10 लाख का इनामी नक्सली जोनल कमांडर गिरफ्तार
संवेदनशील इलाकों में किया फ्लैग मार्च
इस दौरान पुलिस टीम ने शहर के भीड़भाड़ वाले और संवेदनशील क्षेत्रों का दौरा किया। फ्लैग मार्च का उद्देश्य आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ाना और अपराधियों को कड़ा संदेश देना था कि पुलिस हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार है।
रिस्पांस टाइम होगा और तेज
निरीक्षण के दौरान एसपी अजय कुमार ने कहा कि नए वाहनों के शामिल होने से पुलिस का रिस्पांस टाइम काफी बेहतर होगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी आपात स्थिति, दुर्घटना या अपराध की सूचना तुरंत डायल 112 पर दें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नई पेट्रोलिंग गाड़ियां आधुनिक सुविधाओं से लैस हैं और सूचना मिलते ही कुछ ही मिनटों में मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की जाएगी। इससे आम लोगों को बेहतर सुरक्षा का अनुभव मिलेगा और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सकेगा।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।