Samachar Post रिपोर्टर, लातेहार : झारखंड के लातेहार में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने प्रतिबंधित माओवादी संगठन के 10 लाख रुपये के इनामी जोनल कमांडर मृत्युंजय भुइयां उर्फ फ्रेश भुईयां को गिरफ्तार कर लिया है। उसके साथ 2 लाख रुपये के इनामी उग्रवादी बबलू राम उर्फ रोहित उर्फ बबलू चंद्रवंशी को भी पकड़ा गया है। इस पूरे मामले की जानकारी लातेहार के एसपी कुमार गौरव ने दी। उन्होंने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि जोनल कमांडर अपने दस्ते के साथ छिपादोहर थाना क्षेत्र के हरिनामांड़ गांव के आसपास सामान खरीदने आया है।
घेराबंदी कर चलाया गया छापेमारी अभियान
सूचना मिलते ही पुलिस ने विशेष टीम गठित कर इलाके की घेराबंदी कर दी और छापेमारी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो नक्सलियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उनके तीन साथी मौके से फरार हो गए। पुलिस फरार उग्रवादियों की तलाश में लगातार अभियान चला रही है।
यह भी पढ़ें: 108 एम्बुलेंस कर्मचारियों के आंदोलन पर वार्ता सफल, 7-15 दिनों में कार्रवाई का आश्वासन
हथियार और नकदी सहित कई सामान बरामद
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने नक्सलियों के पास से कई महत्वपूर्ण सामान बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार उनके पास से एक AK-47 राइफल, 21 मैगजीन करीब 1.5 लाख रुपये नकद माओवादी पर्चे, 4 सिम कार्ड, मेमोरी कार्ड, रेडियो और एक घड़ी बरामद किए गए इन सामानों से नक्सली संगठन की गतिविधियों और नेटवर्क के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की संभावना जताई जा रही है।
20 साल से संगठन में थे सक्रिय
एसपी कुमार गौरव के अनुसार गिरफ्तार दोनों उग्रवादी करीब 20 वर्षों से माओवादी संगठन से जुड़े हुए थे। ये लोग लातेहार और आसपास के जिलों में लेवी वसूली, विकास कार्यों में बाधा और लोगों में दहशत फैलाने जैसी घटनाओं में शामिल रहे हैं।
दोनों पर दर्ज हैं कई मामले
पुलिस के मुताबिक जोनल कमांडर मृत्युंजय भुइयां पर 104 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि बबलू राम पर 15 मामले दर्ज हैं। ये दोनों पलामू, गढ़वा समेत झारखंड और छत्तीसगढ़ के कई जिलों में नक्सली घटनाओं में शामिल रहे हैं। पुलिस का कहना है कि फरार उग्रवादियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान जारी रहेगा और इलाके में नक्सल गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।