अधूरा मेदिनीनगर बाइपास, फिर भी शुरू हुई टोल वसूली, सांसद वीडी राम ने NHAI से की शिकायत

Samachar Post डेस्क, रांची :मेदिनीनगर बाइपास सड़क अधूरी होने के बावजूद टोल वसूली शुरू होने का मामला सामने आया है। इसको लेकर पलामू के सांसद विष्णु दयाल राम ने आपत्ति जताते हुए एन0एच0ए0आई के चेयरमैन संतोष कुमार यादव को पत्र लिखकर शिकायत की है। सांसद ने बताया कि भोगू-शंखा खंड पर स्थित एनएच-39 बाइपास पर जोरकट में बनाए गए टोल प्लाजा से 7 मार्च 2026 से टोल वसूली शुरू कर दी गई है, जबकि इस सड़क का निर्माण कार्य अभी पूरी तरह पूरा नहीं हुआ है।

यह भी पढ़ें :DSPMU को मिला नया कुलपति, हड़ताल के बीच प्रो. राजीव मनोहर ने संभाला पदभार

टोल प्लाजा के आसपास अधूरा है निर्माण

सांसद के अनुसार टोल प्लाजा के आसपास का इलाका अभी निर्माणाधीन है। टोल प्लाजा से रांची की ओर लगभग चार किलोमीटर तक सड़क का काम अधूरा है और निर्माण कार्य टोल प्लाजा से करीब 100 मीटर की दूरी से ही शुरू होता है। यह सड़क भारतमाला परियोजना के तहत बनने वाले रांची-वाराणसी कॉरिडोर का हिस्सा है।

आसपास के गांवों में भी अधूरा काम

सांसद ने बताया कि इससे पहले भी दुबियाखंड, जोरकट, चियांकी, पोखराहा, जोड़, सिंगरा कला, लोहड़ा, पंडवा और राजहरा समेत कई गांवों में अधूरे निर्माण कार्य को लेकर एनएचएआई अधिकारियों को अवगत कराया गया था। इसके बावजूद इन क्षेत्रों में काम की गति धीमी और असंतोषजनक बनी हुई है।

कनेक्टिंग रोड और फ्लाईओवर का काम भी शुरू नहीं

मेदिनीनगर शहर को राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ने के लिए प्रस्तावित कनेक्टिंग रोड का निर्माण भी अभी तक शुरू नहीं हुआ है। इसके अलावा पोखराहा और जोड़ गांव में प्रस्तावित दो फ्लाईओवर (VUP) के निर्माण कार्य की शुरुआत भी नहीं हो पाई है, जबकि ये यातायात को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए जरूरी बताए जा रहे हैं।

ग्रामीणों में बढ़ रहा असंतोष

इन परिस्थितियों के कारण आसपास के गांवों के लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। कई ग्रामीण और किसान रोज कम दूरी तय कर मेदिनीनगर आते-जाते हैं, ऐसे में सड़क अधूरी होने के बावजूद टोल वसूली शुरू होने से उनकी परेशानियां बढ़ गई हैं। सांसद विष्णु दयाल राम ने NHAI चेयरमैन से मांग की है कि जब तक सड़क निर्माण कार्य पूरी तरह पूरा नहीं हो जाता, तब तक टोल वसूली बंद की जाए और सभी लंबित कार्यों को जल्द शुरू कर समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए।

संबंधित खबरें