- कानून-व्यवस्था, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार को लेकर राज्य सरकार पर साधा निशाना
Samachar Post रिपोर्टर, रांची :झारखंड के पूर्व मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता दुलाल भुईयां ने पश्चिम बंगाल की राजनीति को लेकर बड़ा बयान दिया है। बुधवार को जमशेदपुर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा पश्चिम बंगाल में सरकार बनाएगी और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का घमंड टूट जाएगा। भुईयां ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता अब बदलाव चाहती है और राज्य में राजनीतिक परिवर्तन की लहर बन रही है। उनके मुताबिक इस बार जनता भाजपा को सत्ता में लाने का मन बना चुकी है।
यह भी पढ़ें :जामताड़ा सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस ने दर्ज किया मामला
जनता की समस्याओं को लेकर सरकार पर हमला
भुईयां ने आरोप लगाया कि राज्य की मौजूदा सरकार आम लोगों की समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दे लगातार बढ़ते जा रहे हैं, जिससे आम जनता परेशान है। उनका कहना था कि राज्य सरकार जनता की उम्मीदों पर खरी नहीं उतर रही है।
राष्ट्रपति के स्वागत को लेकर उठाए सवाल
भाजपा नेता ने हाल ही में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के पश्चिम बंगाल दौरे का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस दौरान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी या राज्य सरकार के किसी मंत्री ने प्रोटोकॉल के तहत उनका स्वागत नहीं किया। भुईयां ने इसे संवैधानिक पद और लोकतांत्रिक परंपराओं के प्रति असम्मान बताया। उन्होंने कहा कि इस घटना से आदिवासी समाज में नाराजगी है, क्योंकि द्रौपदी मुर्मू देश की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति हैं।
भाजपा के विकास मॉडल का जिक्र
भुईयां ने कहा कि भाजपा आदिवासी, दलित और पिछड़े वर्गों के सामाजिक और आर्थिक विकास के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ इन वर्गों तक पहुंच रहा है, जबकि पश्चिम बंगाल की सरकार इस दिशा में गंभीर नहीं है। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता अब बदलाव चाहती है और आने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा को भारी समर्थन मिलेगा।
Reporter | Samachar Post