जामताड़ा सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस ने दर्ज किया मामला

Rupa Kumari | March 11, 2026 | 12:56 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, जामताड़ा : जामताड़ा व्यवहार न्यायालय सिविल कोर्ट को ड्रोन और साइनाइड गैस से भरे बमों से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद जिला प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। इस सनसनीखेज धमकी के बाद जामताड़ा थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

ईमेल से मिली धमकी

जानकारी के अनुसार जामताड़ा व्यवहार न्यायालय की आधिकारिक ईमेल आईडी पर Ajitham kundumba@outlook.com
नामक पते से धमकी भरा मेल भेजा गया। मेल भेजने वाले ने अपनी पहचान अजितम कुडुंमा, “एक्स तमिलनाडु रिट्रीवल ट्रूप कैडर”, ग्रेटर चेन्नई (तमिलनाडु) के रूप में बताई है।

यह भी पढ़ें: पलामू में दर्दनाक घटना: दो मासूम बच्चों को पुल पर छोड़ मां ने नदी में लगाई छलांग, हालत गंभीर

धमकी में क्या कहा गया

ईमेल में कई गंभीर दावे किए गए हैं, जिनमें कोर्ट परिसर और जज के चेंबर में साइनाइड गैस से भरे 14 बम लगाने की बात कही गई। कुछ बम ड्रोन के जरिए गिराने की योजना का भी जिक्र किया गया। हमले का उद्देश्य जान-माल को भारी नुकसान पहुंचाना बताया गया।

पुलिस ने दर्ज किया केस

धमकी को गंभीरता से लेते हुए न्यायालय में तैनात एसआई उमेश सिंह ने जामताड़ा थाना में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी अजितम कुडुंमा के खिलाफ जामताड़ा थाना कांड संख्या 30/2026 के तहत मामला दर्ज किया है। यह केस भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धाराओं 55, 351(2), 351(3) और 351(4) के तहत दर्ज किया गया है।

साइबर सेल कर रही जांच

फिलहाल पुलिस साइबर सेल की मदद से ईमेल के आईपी एड्रेस और आरोपी की लोकेशन ट्रैक करने में जुटी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि धमकी सिर्फ अफवाह है या इसके पीछे कोई गंभीर साजिश है। घटना के बाद अदालत परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पूरे मामले की जांच जारी है।

Share this news

संबंधित खबरें