गुमला : बच्चा चोरी की अफवाह में ग्रामीणों ने दो लोगों पर हमला किया, बच्ची सुरक्षित मिली

Rupa Kumari | March 11, 2026 | 10:46 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर, गुमला : सदर थाना क्षेत्र के चेटर चाहा गांव में मंगलवार रात बच्चा चोरी की अफवाह के चलते तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई। संदेह के आधार पर ग्रामीणों ने दो लोगों को पकड़ लिया और उनकी जमकर पिटाई कर दी।

कौन हुए घायल

घायल हुए लोग हैं बनू महतो और शिव सागर महतो। मारपीट में बनू महतो का कान कट गया और दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

यह भी पढ़ें: जमुई : शादी में जा रही मां-बेटा हादसे का शिकार, हाइवा ट्रक ने कुचला

बच्ची की खोज

मामला शुरू हुआ जब गांव की एक छोटी बच्ची घर से निकलकर पास के पार्क की ओर चली गई। काफी देर तक बच्ची नहीं लौटने पर परिजन और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान बनू और शिव सागर महतो पर बच्चा चोरी का संदेह जताया गया और बिना किसी पुष्टि के उन्हें पीटा गया।

पुलिस ने किया रेस्क्यू

सूचना मिलने पर सदर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को भीड़ से छुड़ाकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा। कुछ देर बाद बच्ची पास के पार्क में सुरक्षित मिली।

अफवाह और सोशल मीडिया का असर

पुलिस ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में सोशल मीडिया पर बच्चों की गुमशुदगी और अपहरण से जुड़ी कई खबरें तेजी से वायरल हो रही हैं। यह अफवाह लोगों में भय और भ्रम पैदा कर रही थी।

प्रशासन की चेतावनी

किसी भी सूचना पर सत्यापन किए बिना विश्वास न करें। अफवाह फैलाना दंडनीय अपराध है। अफवाह के आधार पर किसी पर मारपीट या भीड़ हिंसा करना भी अपराध है। संदिग्ध जानकारी मिलने पर तुरंत स्थानीय थाना या आपात स्थिति में 112 पर कॉल करें। जिला नियंत्रण कक्ष गुमला का नंबर: 9798148089।

जागरूकता अभियान

उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देश पर जिला सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने जिले के चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर माइकिंग के माध्यम से लोगों को अफवाहों से बचने की हिदायत दी। इसका उद्देश्य जिले में शांति और सौहार्द बनाए रखना है।

Share this news

संबंधित खबरें