Samachar Post रिपोर्टर, रामगढ़ : जिले में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था की समीक्षा को लेकर मंगलवार को रामगढ़ में एसपी कार्यालय में क्राइम मीटिंग आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसपी अजय कुमार ने की। इस दौरान जिले के सभी थाना और ओपी प्रभारियों के साथ विभिन्न मामलों की समीक्षा की गई और कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।
आम लोगों से अच्छा व्यवहार करने की हिदायत
बैठक की शुरुआत में एसपी अजय कुमार ने साफ कहा कि थाने में आने वाले आम लोगों के साथ पुलिस का व्यवहार सहयोगी और सम्मानजनक होना चाहिए। लोगों की समस्याओं को ध्यान से सुना जाए और उनका समाधान करने की कोशिश की जाए।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी पुलिसकर्मी द्वारा जनता के साथ दुर्व्यवहार की शिकायत मिली तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: जमशेदपुर के XLRI को बम से उड़ाने की धमकी, अज्ञात ई-मेल से मचा हड़कंप
गंभीर मामलों की हुई समीक्षा
क्राइम मीटिंग में जिले में दर्ज कई गंभीर मामलों की समीक्षा की गई। इनमें फायरिंग, आगजनी, तोड़फोड़, विस्फोट, संपत्ति से जुड़े अपराध, महिला उत्पीड़न, पोक्सो और दुष्कर्म जैसे मामले शामिल थे।एसपी ने संबंधित थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि इन मामलों में लंबित कार्रवाई को जल्द पूरा करें और समय पर केस का निष्पादन करें।
इंटरनेट पर धमकी देने वाले पर कार्रवाई के निर्देश
बैठक के दौरान यह भी जानकारी सामने आई कि कुछ व्यवसायियों और अन्य लोगों को राहुल दूबे नाम के व्यक्ति द्वारा इंटरनेट के माध्यम से धमकी दी जा रही है। इस पर एसपी ने अधिकारियों को मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
एंटी क्राइम चेकिंग और निगरानी बढ़ाने के निर्देश
एसपी ने सभी थाना और ओपी प्रभारियों को नियमित रूप से एंटी क्राइम चेकिंग करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि चेकिंग का समय बदलते रहें ताकि अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। साथ ही चेकिंग की जानकारी रक्षक ऐप में दर्ज करने और थाना क्षेत्रों के प्रवेश व निकास मार्गों पर बैरियर लगाकर जांच अभियान चलाने का भी निर्देश दिया गया।
लंबित वारंट और कुर्की जल्द पूरी करने को कहा
बैठक में अदालत से जारी वारंट और कुर्की के मामलों को जल्द निष्पादित करने पर भी जोर दिया गया। जिन मामलों में एफएसएल जांच लंबित है, उनके लिए राज्य विधि विज्ञान प्रयोगशाला रांची को जल्द पत्र भेजने का निर्देश दिया गया।
महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा पर विशेष जोर
एसपी अजय कुमार ने कहा कि महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्देश दिया कि यदि रात में कोई महिला, बच्चा या बुजुर्ग अकेला दिखाई दे तो पुलिस उन्हें हर संभव मदद दे और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाए। महिला उत्पीड़न, पोक्सो और दुष्कर्म के मामलों को दो महीने के भीतर पूरा करने का भी निर्देश दिया गया।
सड़क सुरक्षा और जागरूकता अभियान चलाने को कहा
बैठक में सड़क सुरक्षा के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। एसपी ने हिट एंड रन मामलों के पीड़ितों को समय पर मुआवजा दिलाने और सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया। साथ ही Dial 112 पर आने वाली शिकायतों का भी समय पर निपटारा करने को कहा।
बेहतर काम करने वाले पुलिसकर्मी हुए सम्मानित
बैठक के दौरान उन पुलिस पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया जिन्होंने तीन या उससे अधिक मामलों का सफल निष्पादन किया था। उन्हें एक-एक सुसेवांक देकर पुरस्कृत किया गया।
ये अधिकारी रहे मौजूद
इस अपराध गोष्ठी में सहायक पुलिस अधीक्षक सह पतरातु अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, रामगढ़ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस केंद्र के अधिकारी, रामगढ़ और रजरप्पा थाना प्रभारी, यातायात थाना प्रभारी सहित सभी थाना और ओपी प्रभारी तथा विभिन्न शाखाओं के अधिकारी मौजूद रहे।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।