Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर: झारखंड के जमशेदपुर स्थित MGM मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में पोस्ट ग्रेजुएट (पीजी) सीटों की संख्या बढ़ाने की तैयारी तेज हो गई है। कॉलेज प्रबंधन ने विभिन्न विभागों में 38 नई पीजी सीटें बढ़ाने का प्रस्ताव तैयार किया है और इसे मानकों के अनुसार आगे बढ़ाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यदि इस प्रस्ताव को मंजूरी मिल जाती है, तो अगले शैक्षणिक सत्र से पीजी सीटों की संख्या 51 से बढ़कर करीब 89 हो सकती है।
14 मार्च को होगा निरीक्षण
कॉलेज प्रशासन ने सीट बढ़ाने के लिए पहले ही आवेदन कर दिया है। इसी क्रम में 14 मार्च को यूनिवर्सिटी से जुड़े अधिकारी कॉलेज का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान यह देखा जाएगा कि कॉलेज में उपलब्ध सुविधाएं और व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप हैं या नहीं। अगर निरीक्षण में सब कुछ सही पाया गया, तो अगले शैक्षणिक सत्र से सीटों में बढ़ोतरी का रास्ता साफ हो सकता है।
यह भी पढ़ें: जामताड़ा के मोहड़ा गांव में दिखा खतरनाक विषैला सांप, ग्रामीणों ने सूझबूझ से पकड़ा
इन विभागों में बढ़ाई जाएंगी सीटें
फिलहाल कॉलेज में कुल 51 पीजी सीटें उपलब्ध हैं। विभागवार वर्तमान सीटों में फिजियोलॉजी में 3, पैथोलॉजी में 8, फार्माकोलॉजी में 4, ईएनटी में 2, चर्म रोग में 2, नेत्र रोग में 2, गायनिक में 9, एनेस्थीसिया में 7 और मेडिसिन विभाग में 1 सीट शामिल है। प्रस्ताव के तहत इन विभागों में सीटों की संख्या बढ़ाने की योजना है, ताकि ज्यादा छात्रों को पीजी में दाखिले का मौका मिल सके।
मरीजों और छात्रों को मिलेगा फायदा
कॉलेज के प्राचार्य डॉ संजय कुमार का कहना है कि पीजी सीटों में वृद्धि से मेडिकल शिक्षा और अस्पताल दोनों को मजबूती मिलेगी। इससे अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की संख्या बढ़ेगी और मरीजों को बेहतर व तेज इलाज मिल सकेगा।
राज्य के छात्रों के लिए बढ़ेंगे अवसर
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि सीटों में बढ़ोतरी से झारखंड के छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए दूसरे राज्यों में जाने की जरूरत कम पड़ेगी। इससे राज्य में ही मेडिकल शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे और स्थानीय स्तर पर उन्नत शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा। कुल मिलाकर, MGM मेडिकल कॉलेज में पीजी सीटों की संभावित बढ़ोतरी से छात्रों, मरीजों और मेडिकल शिक्षा व्यवस्था तीनों को बड़ा फायदा मिलने की उम्मीद है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।