Samachar Post रिपोर्टर, खूंटी : झारखंड के खूंटी जिले के कर्रा थाना क्षेत्र के तिमड़ा गांव में शुक्रवार रात सनसनीखेज गोलीकांड हुआ। दो अज्ञात हथियारबंद अपराधियों ने पिता-पुत्र पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में सुकरा महतो (55) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका बेटा अर्जुन महतो (19) गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को बेहतर इलाज के लिए रिम्स भेजा गया है।
दुकान पर बैठे परिवार पर अचानक हमला
घटना की जानकारी मृतक के बड़े बेटे नारायण महतो ने दी। उन्होंने बताया कि शुक्रवार रात करीब 8 बजे परिवार के सदस्य घर के पास स्थित किराना दुकान पर बैठे थे। तभी अचानक दो हथियारबंद अपराधी वहां पहुंचे और गोलीबारी शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि अपराधियों का पहला निशाना अर्जुन महतो था। गोली उसके दाहिने हाथ में लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
यह भी पढ़ें: धनबाद रेलवे डिवीजन: रिश्वत लेते इंजीनियर पर CBI का छापा, 50 हजार रुपये के साथ गिरफ्तार
बेटे को बचाने के दौरान पिता की मौत
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घायल बेटे को बचाने की कोशिश के दौरान अपराधियों ने कुर्सी पर बैठे सुकरा महतो पर गोली चला दी। गोली उनके सीने में लगी और वह मौके पर ही गिर पड़े। घटना के बाद आसपास अफरा-तफरी मच गई और लोग डर के मारे इधर-उधर भागने लगे। इसी दौरान अपराधी मौके से फरार हो गए।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना के बाद परिजन और ग्रामीण दोनों घायलों को कर्रा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले गए, जहां डॉक्टरों ने सुकरा महतो को मृत घोषित कर दिया। वहीं अर्जुन की हालत गंभीर होने के कारण उसे रांची के रिम्स अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
जमीन विवाद की आशंका
परिजनों के अनुसार सुकरा महतो का परिवार वर्ष 2013 से तिमड़ा गांव में रह रहा था। उनकी जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि मृतक के ससुर ने अपनी जमीन बेटी और दामाद के नाम कर दी थी, जिसके बाद से विवाद और बढ़ गया। परिजनों और ग्रामीणों को आशंका है कि इसी जमीन विवाद के कारण यह हमला कराया गया।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलने के बाद ख्रिस्टोफर केरकेट्टा, अशोक कुमार सिंह समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और अपराधियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। इस घटना के बाद तिमड़ा गांव और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।