Samachar Post डेस्क, रांची : झारखंड में मौसम ने करवट लेना शुरू कर दिया है। बीते 24 घंटे के दौरान राज्यभर में मौसम सामान्य रहा, लेकिन तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई। राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 30°C और न्यूनतम 22.6°C रिकॉर्ड किया गया। वहीं, कांके राज्य का सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां न्यूनतम तापमान 21.1°C तक पहुंच गया।
बारिश की नई खेप शुरू
मौसम विभाग के मुताबिक, 15 अगस्त से 19 अगस्त तक झारखंड के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। आज से पश्चिमी, उत्तरी और मध्य झारखंड में बारिश के आसार हैं, जो 20 और 21 अगस्त तक जारी रह सकते हैं।
तेज हवाओं का अलर्ट
16 और 17 अगस्त को राज्य के कई जिलों में 30–40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। खासकर दक्षिणी झारखंड के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और खुले स्थानों से बचने की सलाह दी है।
यह भी पढ़ें : झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन का निधन, कल सुबह रांची पहुंचेगा पार्थिव शरीर
किसानों और आम लोगों के लिए सुझाव
मौसम विभाग ने किसानों से अपील की है कि भारी बारिश और तेज हवाओं की आशंका को देखते हुए फसल कटाई जैसे कार्य कुछ दिनों के लिए स्थगित करें।
आम नागरिकों को भी बारिश और आकाशीय बिजली के दौरान पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की हिदायत दी गई है।
रांची में बादल और हल्की बारिश
रांची और आसपास के इलाकों में 19 अगस्त तक बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने की संभावना है।
- 16 अगस्त: अधिकतम तापमान 30°C और न्यूनतम 23°C
- 17–18 अगस्त: धूप-छांव के बीच हल्की ठंडी हवाएं और बौछारें
- 19 अगस्त: बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश जारी रह सकती है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।