शादी में देरी से नाराज प्रेमी-प्रेमिका ने दी जान, पेड़ से लटके मिले दोनों के शव

Meenu | March 6, 2026 | 01:07 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,बोकारो :बोकारो जिले के गोमिया प्रखंड अंतर्गत चतरो चट्टी थाना क्षेत्र के मुरपा गांव में एक प्रेमी-प्रेमिका के शव पेड़ से लटके मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। आशंका जताई जा रही है कि शादी में हो रही देरी से नाराज होकर दोनों ने आत्महत्या कर ली। परिजनों के अनुसार मृत युवती की पहचान मुरपा गांव निवासी सावित्री कुमारी के रूप में हुई है, जबकि युवक की पहचान विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र के डुमरिया टांड़ गांव निवासी फूलचंद मांझी के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था और वे शादी करना चाहते थे।

यह भी पढ़ें :तेज रफ्तार स्कॉर्पियो घर में घुसी, मलबे में दबकर बुजुर्ग महिला की मौ’त

परिवार ने शादी के लिए मांगा था एक साल का समय

परिजनों के मुताबिक दोनों परिवारों ने आपसी सहमति से शादी के लिए करीब एक साल का समय मांगा था। हालांकि आशंका है कि युवक-युवती इस बात पर भरोसा नहीं कर सके और इसी कारण उन्होंने यह कदम उठा लिया। बताया जा रहा है कि होली से एक दिन पहले मंगलवार को दोनों सरहुल मेला देखने जाने की बात कहकर अपने-अपने घरों से निकले थे। इसके बाद वे वापस नहीं लौटे। परिवार के लोगों ने दो दिनों तक उनकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।

पेड़ से लटके मिले दोनों के शव

5 मार्च की सुबह युवती के घर से करीब 100 मीटर की दूरी पर एक पेड़ से दोनों के शव फंदे से लटके मिले। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने पुलिस पहुंचने से पहले ही दोनों शवों को नीचे उतार दिया।

पुलिस कर रही मामले की जांच

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।चतरो चट्टी थाना प्रभारी शशि शेखर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

Share this news

संबंधित खबरें