- ओवरलोडिंग जांच के दौरान चालक से कथित मारपीट, 54 हजार रुपये जुर्माने पर भी उठा सवाल
Samachar Post रिपोर्टर,खूंटी :झारखंड के खूंटी जिले में ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार वाहनों के खिलाफ चल रहा प्रशासनिक अभियान अब विवादों में घिर गया है। जिले के मोटर यान निरीक्षक (एमवीआई) मोहम्मद शाहनवाज पर एक ट्रक चालक के साथ मारपीट करने का गंभीर आरोप लगा है। घटना के बाद ट्रक चालकों और ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन में भारी नाराजगी है। हजारीबाग जिले के बरही निवासी ट्रक चालक रमेश कुमार यादव के अनुसार, 28 फरवरी को वे रायगढ़ से सीमेंट लादकर रांची की ओर जा रहे थे। कालामाटी स्थित भारत पेट्रोल पंप के पास ट्रक खड़ा करने के दौरान कथित रूप से एमवीआई मोहम्मद शाहनवाज सादे कपड़ों में पहुंचे और वाहन के कागजात मांगे। चालक का आरोप है कि पहचान पत्र दिखाने का अनुरोध करने पर अधिकारी भड़क गए और गाली-गलौज के बाद उनके साथ मारपीट की गई। रमेश का दावा है कि इस घटना में उन्हें गंभीर चोटें आई हैं।
यह भी पढ़ें :कोडरमा में बच्चा चोर के शक में युवक की पिटाई, पुलिस ने बचाया
54 हजार रुपये जुर्माने पर सवाल
पीड़ित चालक का कहना है कि वाहन के दस्तावेज और लोड की जांच में कोई तकनीकी गड़बड़ी या अवैध सामान नहीं मिला। इसके बावजूद 54 हजार रुपये का भारी जुर्माना लगाया गया। इस कार्रवाई को लेकर ट्रक चालकों में आक्रोश है। उनका सवाल है कि जब वाहन में कोई खामी नहीं थी, तो इतना बड़ा जुर्माना किस आधार पर लगाया गया? घटना के बाद ऑल झारखंड ड्राइवर संघ और ट्रक एसोसिएशन के सदस्य खूंटी थाना पहुंचे। उन्होंने लिखित शिकायत देकर एमवीआई के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और सख्त कार्रवाई की मांग की है। संघ पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे।
जांच के बाद होगी स्थिति स्पष्ट
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि आरोपों में कितनी सच्चाई है।
Reporter | Samachar Post