- सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू, वार्ड पार्षद और अध्यक्ष पद के लिए कांटे की टक्कर
Samachar Post रिपोर्टर,पाकुड़ :तीन दिनों के इंतजार के बाद शुक्रवार सुबह 8 बजे से पाकुड़ नगर परिषद चुनाव की मतगणना शुरू हो गई। बाजार समिति परिसर में बनाए गए काउंटिंग हॉल में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच वोटों की गिनती जारी है। मतगणना केंद्र के बाहर सुबह से ही समर्थकों की भीड़, प्रत्याशियों की बेचैनी और सुरक्षा का सख्त पहरा देखने को मिला।
42 टेबल पर हो रही काउंटिंग
जिला प्रशासन ने पारदर्शी और तेज मतगणना के लिए 42 टेबल लगाए हैं। 21 वार्डों के 42 मतदान केंद्रों की गिनती एक साथ की जा रही है, ताकि प्रक्रिया में देरी न हो। मतगणना स्थल पर केवल अधिकृत एजेंटों को प्रवेश की अनुमति है। पूरे परिसर में पुलिस बल की तैनाती की गई है और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
यह भी पढ़ें :झारखंड निकाय चुनाव रिजल्ट 2026: धनबाद में काउंटिंग से पहले हंगामा, एजेंटों ने लगाए पक्षपात के आरोप
दो चरणों में आएंगे परिणाम
मतगणना दो राउंड में पूरी की जाएगी:
- पहला राउंड: वार्ड पार्षद पद के वोटों की गिनती
- दूसरा राउंड: अध्यक्ष पद के मतों की गणना
सुबह 10 से 11 बजे के बीच वार्ड पार्षदों के नतीजे आने शुरू होने की संभावना है, जबकि अध्यक्ष पद का परिणाम दोपहर करीब 1 बजे तक घोषित किया जा सकता है।
अध्यक्ष पद के लिए 10 प्रत्याशी मैदान में
नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए इस बार 10 उम्मीदवार मैदान में हैं। वहीं 21 वार्डों में पार्षद पद के लिए कुल 89 प्रत्याशी चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। अध्यक्ष पद को लेकर ‘थ्री एस’ के बीच मुकाबले की चर्चा है, हालांकि राजनीतिक जानकारों का मानना है कि असली टक्कर दो प्रमुख उम्मीदवारों के बीच सिमट सकती है। कई वार्डों में भी मुकाबला बेहद रोचक और कांटे का माना जा रहा है। पाकुड़ के उपायुक्त (DC) मनीष कुमार ने बताया कि सुबह 8 बजे से शांतिपूर्ण तरीके से मतगणना शुरू हो चुकी है। पहले वार्ड पार्षद और फिर अध्यक्ष पद के वोटों की गिनती की जा रही है। उन्होंने कहा कि 11 बजे के बाद परिणाम आने लगेंगे।
Reporter | Samachar Post