- रांची समेत झारखंड में 2-3 डिग्री तक बढ़ सकता है तापमान, सुबह हल्का कुहासा तो दिन में तेज धूप के आसार
Samachar Post रिपोर्टर,रांची :पिछले दिनों हुई हल्की बारिश के बाद राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया था। इससे लोगों को थोड़ी राहत मिली, लेकिन अब मौसम एक बार फिर करवट लेने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार से तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी के संकेत हैं। अनुमान है कि 3 मार्च को होने वाले होलिका दहन तक गर्मी का असर साफ महसूस होने लगेगा।
दिन में बढ़ेगी तपिश, सुबह-शाम राहत
आने वाले दिनों में दोपहर के समय धूप तेज रहेगी और दिन में गर्मी महसूस होगी। हालांकि सुबह और देर शाम मौसम सुहावना बना रहेगा। न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। सुबह हल्का कुहासा छाए रहने की संभावना है, जबकि दिन में आसमान साफ और मौसम शुष्क रहेगा। मौसम विभाग का अनुमान है कि होलिका दहन से पहले अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमान में इजाफा होगा। यानी रंगों के त्योहार से पहले ही दिन में गर्मी का असर बढ़ने लगेगा।
बोकारो में सुबह कुहासा, दिन में साफ मौसम
बोकारो में सुबह हल्के कुहासे के साथ दिन की शुरुआत हो रही है। यहां भी न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी के संकेत हैं। दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ रहेगा और मौसम शुष्क बना रहेगा। राज्य में अगले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद चार दिनों में 2 से 3 डिग्री तक बढ़ोतरी संभव है।
चाईबासा सबसे गर्म, खूंटी सबसे ठंडा
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में मौसम शुष्क रहा। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 32.2°C चाईबासा में दर्ज किया गया।सबसे कम न्यूनतम तापमान 10.4°C खूंटी में रिकॉर्ड किया गया।
Reporter | Samachar Post