Samachar Post रिपोर्टर, पलामू : पलामू जिले के लिए गुरुवार का दिन ऐतिहासिक रहा। सांसद वीडी राम के प्रयास से रेल मंत्रालय की स्वीकृति के बाद धनबाद–भोपाल त्रि-साप्ताहिक एक्सप्रेस (01631/01632) पहली बार रेलवे स्टेशन पहुंची। ट्रेन के स्टेशन पर पहुंचते ही लोगों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। सांसद के जिला प्रतिनिधि विजय ओझा और निजी सचिव अलख दुबे ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को गंतव्य के लिए रवाना किया।
पलामू और गढ़वा को सीधा फायदा
इस नई सेवा से पलामू संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पलामू और गढ़वा जिले के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। अब यात्रियों को धनबाद या भोपाल जाने के लिए बीच में ट्रेन बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि व्यापार, इलाज, शिक्षा और रोजगार के लिए आवागमन करने वालों को बड़ी राहत मिलेगी। खासकर मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से सीधा रेल संपर्क मिलना क्षेत्र के लिए अहम उपलब्धि मानी जा रही है।
यह भी पढ़ें: टाटानगर में होली के बाद तेज होगा रीडेवलपमेंट अभियान, 400 तक अवैध निर्माण हटाने की तैयारी
जल्द अयोध्या और लखनऊ की सीधी सेवा
मौके पर मौजूद पदाधिकारियों ने बताया कि सांसद के प्रयास से जल्द ही पलामू को अयोध्या और लखनऊ तक सीधी ट्रेन सेवा भी मिलने वाली है। साथ ही पुरुलिया–आनंद विहार एक्सप्रेस का परिचालन भी जल्द शुरू किए जाने की जानकारी दी गई। इसका शुभारंभ स्वयं सांसद वीडी राम करेंगे।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि और रेल अधिकारी मौजूद
ट्रेन के आगमन के मौके पर कई वरिष्ठ नेता और रेलवे अधिकारी उपस्थित रहे। रेलवे अधिकारियों ने इसे क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम बताया। नई रेल सेवा से पलामू-गढ़वा के लोगों को देश के प्रमुख शहरों तक बेहतर और सीधा संपर्क मिलने की उम्मीद है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।