गोलगप्पे में जहर मिलाकर प्रेमिका की हत्या की साजिश, जंगल में छिपकर बचाई जान

Meenu | February 26, 2026 | 11:45 AM IST
  • गढ़वा में आठ माह की गर्भवती युवती की हत्या की कोशिश, आरोपी प्रेमी गिरफ्तार

Samachar Post रिपोर्टर,गढ़वा :झारखंड के गढ़वा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। रमकंडा थाना क्षेत्र में एक युवक पर आरोप है कि उसने अपनी गर्भवती प्रेमिका को गोलगप्पे में जहर मिलाकर मारने की साजिश रची। युवती को जब खतरे का अंदेशा हुआ तो उसने पूरी रात जंगल में छिपकर अपनी जान बचाई।

गोलगप्पा खाने के बाद बिगड़ी तबीयत

पीड़िता के अनुसार, 21 फरवरी 2026 की दोपहर आरोपी ने फोन कर उसे कुछ खिलाने की बात कही। युवती ने गोलगप्पा खाने की इच्छा जताई। आरोप है कि गोलगप्पा खाने के कुछ ही देर बाद उसे उल्टी होने लगी और मुंह से खून आने लगा। शाम करीब चार बजे आरोपी ने उसे डॉक्टर के पास ले जाने का बहाना किया, लेकिन अस्पताल ले जाने के बजाय बाइक से बैरिया जंगल की ओर ले गया।

यह भी पढ़ें :सिमडेगा पुलिस ने होली और मतगणना को लेकर कसी कमर, मॉक ड्रिल में दिखी मुस्तैदी

जंगल में ले जाकर हत्या की कोशिश

आरोप है कि जंगल में करीब 100 मीटर अंदर ले जाकर युवक ने युवती के साथ मारपीट की और गला दबाकर हत्या की कोशिश की। मारपीट में युवती की आंख के पास गंभीर चोट आई और वह बेहोश हो गई। होश आने पर उसने किसी तरह खुद को संभाला और जंगल में छिप गई। पूरी रात वह वहीं छिपकर अपनी जान बचाती रही। अगली सुबह किसी तरह घर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी।

पहले से एक बच्चा, अब आठ माह की गर्भवती

बताया जा रहा है कि करीब छह साल से आरोपी साकेत केशरी और युवती के बीच संबंध थे। दोनों के रिश्ते से एक बच्चा भी है। गांव समाज के हस्तक्षेप के बाद दोनों को अलग कर दिया गया था। आरोप है कि कुछ महीनों बाद आरोपी ने फिर संपर्क किया और शादी का झांसा देकर संबंध बनाता रहा, जिससे युवती दोबारा गर्भवती हो गई। वर्तमान में वह आठ माह की गर्भवती बताई जा रही है।

आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी

पीड़िता के आवेदन पर रमकंडा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी साकेत केशरी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में गढ़वा भेज दिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है। घटना के बाद इलाके में आक्रोश और चर्चा का माहौल है।

Share this news

संबंधित खबरें