Samachar Post रिपोर्टर,गुमला :गुमला जिले के कामडरा थाना क्षेत्र में शराब के विवाद ने एक 60 वर्षीय बुजुर्ग की जान ले ली। घटना रेडवा चुमाटोली गांव की है, जहां बैला बुधवा केरकेटा की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही कामडरा थाना के एसआई मुनेश तिवारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेजा गया। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है। बताया जा रहा है कि घटना के समय गांव में एक गमी कार्यक्रम चल रहा था, जिसमें बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। विवाद होते देख आसपास के बच्चे डरकर वहां से भाग गए।
यह भी पढ़ें :रांची से दिल्ली जा रही एयर एम्बुलेंस क्रैश: 7 की मौत, CM हेमंत सोरेन ने जताया गहरा शोक
भगत बड़ा होने को लेकर बढ़ा विवाद
परिजनों और ग्राम प्रधान के अनुसार, घटना के दिन बैला बुधवा केरकेटा और आरोपी हास्या उर्फ शनिचरवा केरकेटा साथ में शराब पी रहे थे। इसी दौरान “भगत बड़ा होने” को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने कथित तौर पर बैला बुधवा को रस्सी से बांधकर घर के पास ले जाकर लकड़ी से बेरहमी से पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक खेती-बाड़ी और मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके तीन बेटे और दो बेटियां हैं। वह अपने दो भाइयों में सबसे बड़ा था। घटना के बाद परिवार सदमे में है। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है और जल्द मामले का खुलासा करने का दावा किया है।
Reporter | Samachar Post