Samachar Post रिपोर्टर,जमशेदपुर :झारखंड के जमशेदपुर में सोमवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मोदी पार्क और कॉन्वेंट स्कूल के पास दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार दूर जा गिरे और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में बर्मामाइंस निवासी गजेंद्र यादव (करीब 45 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत दोनों घायलों को उठाकर टाटा मेन हॉस्पिटल पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद गजेंद्र यादव को मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि उनके सिर और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई थीं। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। दूसरे बाइक सवार युवक की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है। उसे अस्पताल के ICU में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी स्थिति नाजुक है और लगातार निगरानी की जा रही है।
यह भी पढ़ें :सात शव सदर अस्पताल पहुंचे, परिजनों की चीख-पुकार से गूंजा परिसर
गलत दिशा से आ रही थी एक बाइक?
स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसे के समय एक बाइक गलत दिशा से आ रही थी, जिससे आमने-सामने टक्कर हुई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि दुर्घटना की असली वजह सामने आ सके।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
बताया जा रहा है कि गजेंद्र यादव पेशे से वैन चालक थे और उनकी तीन बेटियां हैं। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था। फिलहाल पुलिस कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है और दुर्घटना के कारणों की गहन जांच जारी है। घटना के बाद इलाके में शोक और चिंता का माहौल है।
Reporter | Samachar Post