कोडरमा घाटी में इथेनॉल टैंकर पलटा, NH-20 पर लंबा जाम

Rupa Kumari | February 20, 2026 | 04:52 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, कोडरमा : शुक्रवार को कोडरमा थाना क्षेत्र की घाटी में रांची-पटना मुख्य मार्ग National Highway 20 पर एक इथेनॉल से भरा टैंकर पलट गया। हादसे के बाद सड़क पर आवागमन ठप हो गया और ज्वलनशील पदार्थ के रिसाव से बड़ी दुर्घटना की आशंका पैदा हो गई।

पुलिस और दमकल ने संभाली स्थिति

घटना की सूचना मिलते ही कोडरमा थाना प्रभारी विकास पासवान मौके पर पहुंचे और घाटी के दोनों ओर वाहनों का परिचालन रोक दिया। पुलिस ने तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दी। दमकल की गाड़ियों ने पहुंचकर पानी का छिड़काव किया और टैंकर से हो रहे रिसाव को काफी हद तक नियंत्रित किया। अधिकारियों के मुताबिक, टैंकर में ज्वलनशील इथेनॉल होने के कारण एहतियाती कदम उठाए गए ताकि कोई चिंगारी बड़ी दुर्घटना में न बदल जाए।

यह भी पढ़ें: विपक्ष पर सीएम का हमला- 25 साल में एक भी संशोधन प्रस्ताव नहीं, सिर्फ आलोचना

जाम में फंसी रहीं गाड़ियां और बारात

टैंकर पलटने से घाटी के दोनों ओर लंबा जाम लग गया। मालवाहक ट्रक, यात्री बसें और निजी वाहन घंटों फंसे रहे। शादी-विवाह के सीजन के चलते झारखंड से बिहार जा रही कई बारात की गाड़ियां भी जाम में अटक गईं। थाना प्रभारी ने बताया कि स्थिति अब नियंत्रण में है, लेकिन सुरक्षा को देखते हुए निगरानी जारी है। टैंकर चालक मौके से फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश की जा रही है।

टैंकर हटाने की कवायद

पुलिस और दमकल कर्मी मिलकर टैंकर को हटाने और सड़क को सुरक्षित बनाने में जुटे हैं, ताकि एनएच-20 पर यातायात पूरी तरह बहाल किया जा सके। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे फिलहाल वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें और अफवाहों से बचें।

Share this news

संबंधित खबरें