कोडरमा में दर्दनाक सड़क हादसे: बाइक-ट्रैक्टर टक्कर में महिला की मौत, ओवरब्रिज के पास युवक गंभीर

Samachar Post रिपोर्टर, कोडरमा : कोडरमा जिले के तिलैया थाना क्षेत्र में बुधवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों ने इलाके को झकझोर दिया। पहली घटना में 35 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

पहला हादसा: बाइक–ट्रैक्टर की आमने-सामने टक्कर

मृतका सुनीता देवी (35), डोमचांच थाना क्षेत्र के गोलवाढाब गांव की निवासी थीं। वे सुबह अपने भाई के साथ बाइक से झुमरीतिलैया जा रही थीं। साथ में उनका डेढ़ वर्षीय भतीजा भी था, जिसे इलाज के लिए डॉक्टर के पास ले जाया जा रहा था।
झुमरीतिलैया बाजार स्थित सामंतो पेट्रोल पंप के पास विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार बालू लदे ट्रैक्टर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक सड़क पर पलट गई और सुनीता देवी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में बाइक चला रहे उनके भाई और बच्चे को मामूली चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया गया। बताया गया कि सुनीता देवी के पति राजेश यादव बाहर शहर में हैं और उनके तीन छोटे बच्चे हैं। अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

यह भी पढ़ें: जामताड़ा: निर्माणाधीन वीरबिंदिया पुल से गिरकर मजदूर गंभीर रूप से घायल, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

दूसरा हादसा: रेलवे ओवरब्रिज के पास युवक घायल

इसी दिन तिलैया थाना क्षेत्र में रांची–पटना मुख्य मार्ग पर रेलवे ओवरब्रिज के पास एक और दुर्घटना हुई। एक बाइक सवार युवक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़ा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने उसे भी सदर अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल घायल युवक की पहचान नहीं हो सकी है।

Share this news

संबंधित खबरें