Samachar Post रिपोर्टर, रांची : लातेहार जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र स्थित तेतरियाखाड़ कोलयरी में सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड जवान के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद होमगार्ड जवानों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
जवान ने लगाए गंभीर आरोप
पीड़ित होमगार्ड जवान मोहन कुमार ने आरोप लगाया है कि कोयला कारोबारी गिरधारी यादव और बालकृष्ण यादव उनके पास आए और विवाद करने लगे। इसके बाद उन्होंने गाली-गलौज, मारपीट की और इस दौरान जातिसूचक शब्दों का भी प्रयोग किया गया।
यह भी पढ़ें: जंगली हाथियों के खौफ में रामगढ़, सड़क पर उतरे ग्रामीण
प्रबंधन से शिकायत के बाद थाना पहुंचा मामला
मोहन कुमार ने बताया कि उन्होंने पहले इस घटना की शिकायत कोलियरी प्रबंधन से की थी, लेकिन वहां से कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने बालूमाथ थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई।
होमगार्ड जवानों में रोष
घटना के बाद होमगार्ड जवानों में नाराजगी है। जवानों का कहना है कि सुरक्षा ड्यूटी के दौरान ऐसी घटनाएं अक्सर होती रहती हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करेंगे और मामला राज्य स्तरीय संघ में उठाया जाएगा।
पुलिस ने शुरू की जांच
बालूमाथ थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार ने बताया कि आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पूरे मामले की जांच जारी है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।