ग्रीजली विद्यालय की लॉन्ड्री यूनिट में बॉयलर विस्फोट, 5 कर्मचारी झुलसे; 2 की हालत नाजुक

Rupa Kumari | December 16, 2025 | 02:45 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, कोडरमा: तिलैया डैम ओपी क्षेत्र स्थित ग्रीजली विद्यालय में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब विद्यालय की लॉन्ड्री यूनिट में लगा स्टीम बॉयलर अचानक फट गया। तेज धमाके की आवाज से पूरा परिसर दहल उठा। हादसे में लॉन्ड्री यूनिट में कार्यरत पांच कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गए, जिनमें से दो की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। बॉयलर से निकली तेज भाप और उबलते पानी की चपेट में आने से कर्मचारी दूर जा गिरे और उन्हें गंभीर चोटें आईं। विस्फोट के कारण लॉन्ड्री में रखा सामान भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

ड्यूटी के दौरान बॉयलर फटा, मची अफरा-तफरी

घायल कर्मचारी गुड्डू रजक ने बताया कि उस समय यूनिट में छात्रों और शिक्षकों की वर्दियों की धुलाई और इस्त्री का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक बॉयलर फट गया, जिससे वहां मौजूद कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद विद्यालय प्रबंधन और कर्मचारियों ने सभी घायलों को तत्काल निजी वाहनों से झुमरीतिलैया के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है।

यह भी पढ़ें: जमशेदपुर में साइबर ठगी: पुलिसकर्मी के खाते से 1.04 लाख रुपये उड़ाए

लापरवाही का आरोप, प्रबंधन ने हादसे की पुष्टि की

घायलों का आरोप है कि स्टीम बॉयलर लंबे समय से खराब था और इसकी शिकायत कई बार प्रबंधन से की गई थी। इसके बावजूद बॉयलर को बदले जाने के बजाय मरम्मत कराकर उपयोग में लाया जा रहा था, जो हादसे का कारण बना। विद्यालय के संचालक अविनाश सेठ ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि इस हादसे में कुल पांच कर्मचारी घायल हुए हैं। घायलों में लॉन्ड्री इंचार्ज राजेश सिंह, गुड्डू रजक, प्रमोद रजक, गौतम रजक और राजेश प्रसाद शामिल हैं। सभी घायल बिहार के गया जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।

Share this news

संबंधित खबरें