Samachar Post डेस्क, रांची :कांग्रेस की एक रैली में लगे “मोदी तेरी कब्र खुदेगी” नारे को लेकर सोमवार को संसद के दोनों सदनों में जोरदार हंगामा हुआ। भाजपा ने इस नारे को देश के प्रधानमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक बताते हुए कांग्रेस से सार्वजनिक माफी की मांग की।
यह भी पढ़ें :लोकसभा में आज पेश होगा एप्रोप्रिएशन बिल, वायु प्रदूषण पर भी होगी चर्चा
राज्यसभा में जेपी नड्डा का कड़ा हमला
राज्यसभा में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि 14 दिसंबर को हुई कांग्रेस की रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ बेहद निंदनीय नारा लगाया गया। उन्होंने कहा कि यह नारा कांग्रेस की सोच और मानसिकता को दर्शाता है। जेपी नड्डा ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री के लिए इस तरह के शब्दों का इस्तेमाल और उनकी मृत्यु की कामना करना लोकतांत्रिक राजनीति के स्तर को गिराने वाला है। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी से इस मामले में माफी मांगने की मांग की।
लोकसभा में किरेन रिजिजू ने जताई नाराजगी
लोकसभा में केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने भी इस मुद्दे पर कांग्रेस को घेरा। उन्होंने कहा कि जिस रैली में कांग्रेस के तमाम बड़े नेता मौजूद थे, वहां प्रधानमंत्री के खिलाफ इस तरह का नारा लगाया गया, जो बेहद शर्मनाक और दुर्भाग्यपूर्ण है। रिजिजू ने कहा कि 140 करोड़ लोगों के निर्वाचित प्रधानमंत्री के लिए ऐसे शब्दों का इस्तेमाल स्वीकार्य नहीं हो सकता और इसकी कड़ी निंदा की जानी चाहिए।
कांग्रेस की रैली से जुड़ा है पूरा विवाद
दरअसल, रविवार को राजधानी में कांग्रेस ने “वोट चोर, गद्दी छोड़” रैली का आयोजन किया था। इस रैली में राहुल गांधी समेत कई वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने भाजपा और निर्वाचन आयोग पर निशाना साधा था। रैली के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ पार्टी लोकतंत्र को कमजोर कर रही है और वोट के अधिकार को छीनने की साजिश कर रही है। इसी कार्यक्रम के दौरान एक महिला कांग्रेस नेता द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक नारा लगाए जाने का वीडियो सामने आया, जिसके बाद यह विवाद खड़ा हुआ।
संसद में गतिरोध, सियासी बयानबाजी तेज
इस मुद्दे को लेकर संसद में लगातार नारेबाजी और हंगामे की स्थिति बनी रही। भाजपा जहां इसे लोकतांत्रिक मर्यादाओं का उल्लंघन बता रही है, वहीं कांग्रेस की ओर से अब तक इस पर कोई औपचारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
Reporter | Samachar Post