Samachar Post डेस्क, रांची : अर्जेंटीना के सुपरस्टार फुटबॉलर लियोनेल मेसी अपने तीन दिवसीय भारत दौरे पर शनिवार तड़के कोलकाता पहुंचे। ठंड के बावजूद हजारों प्रशंसक आधी रात तक एयरपोर्ट पर मौजूद रहे। मेसी सुबह 2:26 बजे कोलकाता एयरपोर्ट पर उतरे, जहां अर्जेंटीना के झंडों और मोबाइल कैमरों की रोशनी से पूरा इलाका जगमगा उठा। भारी भीड़ को देखते हुए मेसी को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच VIP गेट से बाहर निकाला गया और फिर एक बड़े काफिले के साथ होटल ले जाया गया। होटल के बाहर भी प्रशंसकों की भारी भीड़ मौजूद रही।
2011 के बाद पहली भारत यात्रा
‘GOAT इंडिया टूर 2025’ के तहत यह मेसी की 2011 के बाद पहली भारत यात्रा है। उनके साथ स्ट्राइक पार्टनर लुइस सुआरेज और अर्जेंटीना टीम के साथी रोड्रिगो डी पॉल भी भारत पहुंचे हैं। अगले 72 घंटों में मेसी कोलकाता, हैदराबाद, मुंबई और नई दिल्ली का दौरा करेंगे। इस दौरान वे कई मुख्यमंत्रियों, कॉर्पोरेट लीडर्स, बॉलीवुड हस्तियों से मुलाकात करेंगे और 15 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मिलने का कार्यक्रम है।
यह भी पढ़ें: झारखंड में अनाथ बच्चों को 18 साल तक आर्थिक सहायता की मांग, मिथिलेश ठाकुर ने सौंपा मांग पत्र
भीड़ के कारण कई प्रशंसक रहे निराश
मेसी की एक झलक पाने के लिए पूरी रात इंतजार करने वाले कई प्रशंसक निराश रह गए। अत्यधिक भीड़ के कारण उन्हें सुबह करीब 3:30 बजे वैकल्पिक मार्ग से होटल ले जाया गया, जिससे सैकड़ों प्रशंसक अपने पसंदीदा खिलाड़ी को देख नहीं पाए। केवल कुछ एयरपोर्ट कर्मचारियों को ही मेसी की झलक मिल सकी।
“कोलकाता के लिए ऐतिहासिक पल”
मेसी के टूर प्रमोटर सताद्रु दत्ता ने इसे कोलकाता के लिए ऐतिहासिक अवसर बताया। उन्होंने कहा, 2011 में मेसी भारत आए थे, लेकिन अब वे वर्ल्ड कप विजेता और आठ बार के बैलन डी’ओर विजेता बनकर आए हैं। यह बेहद खास पल है। शायद वह फिर कभी भारत न आएं, इसलिए यह जश्न का मौका है। उन्होंने कहा कि मेसी की मौजूदगी से भारतीय फुटबॉल को बड़ा लाभ मिल सकता है। इस दौरान मेसी की एक विशेष मूर्ति का अनावरण भी किया जाएगा, जिसे दुनिया में अपनी तरह की पहली मूर्ति बताया जा रहा है।
मेसी का पूरा कार्यक्रम
13 दिसंबर कोलकाता,
- 2:26 AM कोलकाता आगमन
- 9:30–10:30 AM: मीट एंड ग्रीट
- 10:30–11:15 AM: मेसी की मूर्ति का वर्चुअल उद्घाटन
- 11:30 AM: शाहरुख खान युवा भारती स्टेडियम पहुंचेंगे
- 12:00 PM: सीएम ममता बनर्जी और सौरव गांगुली की मौजूदगी
- 12:00–12:30 PM: फ्रेंडली मैच
- 2:00 PM : हैदराबाद के लिए रवाना
13 दिसंबर – हैदराबाद
- शाम 7:00 PM: राजीव गांधी स्टेडियम में कार्यक्रम
- तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी से मुलाकात
- शाम को म्यूजिकल कॉन्सर्ट
14 दिसंबर – मुंबई
- 3:30 PM: क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया में पैडल कप
- 4:00 PM: सेलिब्रिटी फुटबॉल मैच
- 5:00 PM: वानखेड़े स्टेडियम में कार्यक्रम और चैरिटी फैशन शो
15 दिसंबर – नई दिल्ली
- 1:30 PM: अरुण जेटली स्टेडियम में कार्यक्रम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात, मेसी के इस दौरे को लेकर देशभर में फुटबॉल प्रशंसकों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।