Samachar Post डेस्क,बिहार :रोहतास जिले के बिक्रमगंज थाना क्षेत्र के वरुणा गांव में रविवार देर शाम एक किसान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई है। मृतक की पहचान गांव के ही अखिलेश राय (40) के रूप में हुई है, जो किसान शिवजी राय के बेटे थे।
यह भी पढ़ें :गोवा के नाइट क्लब में हादसा: झारखंड के तीन युवकों की मौत, रांची एयरपोर्ट पर पहुंचे पार्थिव शरीर

खेत जाते समय अपराधियों ने बरसाईं गोलियां
जानकारी के अनुसार, अखिलेश देर शाम अपने खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान घात लगाए अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगते ही वह मौके पर ही गिर पड़े। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर हवा में बंदूक लहराते हुए फरार हो गए। सूचना पर थानाध्यक्ष ललन प्रसाद टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। घटनास्थल से पांच खोखे बरामद किए गए हैं।
पुरानी रंजिश में हत्या की आशंका
परिजनों ने बताया कि अखिलेश का जमीन विवाद को लेकर कुछ लोगों से झगड़ा चल रहा था। पुलिस का मानना है कि पुरानी रंजिश के कारण ही इस हत्या को अंजाम दिया गया हो सकता है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

अपराधियों की तलाश तेज
बिक्रमगंज के एसडीपीओ संकेत कुमार ने बताया कि पुलिस मृतक के परिवार और ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है। उन्होंने कहा कि अपराधियों की पहचान के लिए कई संभावित ठिकानों पर छापेमारी, एफएसएल टीम की मदद, तकनीकी सर्विलांस ली जा रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपी जल्द ही गिरफ्त में होंगे।





















