उत्पाद विभाग ने पकड़ी बड़ी खेप, लेकिन जंगल में बदला खेल; नाटकीय तरीके से 3 आरोपी फरार

Rupa Kumari | December 5, 2025 | 02:28 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, हजारीबाग : हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार पर बड़ी कार्रवाई तो हुई, लेकिन लौटते वक्त मामला नाटकीय मोड़ ले गया। उत्पाद विभाग की टीम परसातरी जंगल से जब्त की गई शराब और गिरफ्तार आरोपियों को लेकर लौट रही थी, तभी तीन आरोपी भीड़ की आड़ में टीम की गिरफ्त से छूटकर फरार हो गए। विभाग इस पूरी घटना से हैरान है।

जंगल में चल रही थी विदेशी रम की अवैध सप्लाई की तैयारी

सूत्रों के अनुसार, झारखंड बिहार बॉर्डर पर परसातरी जंगल में अवैध विदेशी रम की बड़ी खेप को बिहार भेजे जाने की तैयारी चल रही थी। गुप्त सूचना पर रात करीब 11 बजे उत्पाद विभाग की टीम ने छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान, मारुति सुजुकी इको कार, एक टेंपो, बड़ी मात्रा में विदेशी रम और सात आरोपी गिरफ्तार किए गए।

यह भी पढ़ें: लातेहार में दो सड़क हादसों में दो की मौत, एक गंभीर रूप से घायल

लौटते समय बदला घटनाक्रम

बरामदगी के बाद टीम जब वाहन और आरोपियों को लेकर हजारीबाग की ओर लौट रही थी, उसी दौरान चौपारण के घने और सुनसान इलाके में पूरी स्थिति बदल गई। रात के अंधेरे का फायदा उठाकर अवैध शराब कारोबारियों ने विभाग की गाड़ियों को रोक लिया। भीड़ जैसी परिस्थिति बनाकर उन्होंने जब्त टेंपो और तीन आरोपियों को छुड़ा लिया और उन्हें लेकर फरार हो गए। टीम बाकी आरोपियों और जब्त वाहन को सुरक्षित लेकर जिला मुख्यालय पहुँची।

FIR दर्ज, जांच जारी

उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मामले में FIR दर्ज कर ली गई है। फरार आरोपियों और टेंपो की तलाश तेज कर दी गई है। टीम का कहना है कि जल्द ही इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी भी की जाएगी।

कार्रवाई पर उठे सवाल

इस नाटकीय घटना ने उत्पाद विभाग की सुरक्षा और रणनीति पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अवैध शराब का नेटवर्क तो उजागर हुआ, लेकिन तीन आरोपियों का इस तरह भाग निकलना विभाग के लिए बड़ी चुनौती बनकर सामने आया है।

Share this news

संबंधित खबरें