होम  /  Garhwa

55 फीट ऊंची पानी टंकी पर चढ़ा युवक, मधुमक्खियों के हमले से फंसा; ग्रामीणों ने ऐसे बचाई जान

Samachar Post रिपोर्टर, गढ़वा: जिले के केतार प्रखंड स्थित चेचरिया गांव में मंगलवार को एक अनोखी घटना देखने को मिली। ससुराल आया एक युवक 55 फीट ऊंची पानी टंकी पर चढ़ गया, लेकिन वहां मौजूद मधुमक्खियों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया। हमले के बाद युवक टंकी पर ही फंस गया और मदद के लिए गुहार लगाने लगा।

मधुमक्खियों के हमले से मची अफरा-तफरी

जानकारी के अनुसार युवक की पहचान कमलेश गुप्ता के रूप में हुई है, जो अंजनिया गांव निवासी सुरेश साव का दामाद बताया जा रहा है। वह इन दिनों अपने ससुराल आया हुआ था। किसी कारणवश वह चेचरिया गांव की पानी टंकी पर चढ़ गया। टंकी पर मधुमक्खियों का छत्ता होने के कारण अचानक उन पर मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। डंक लगने से घबराए युवक ने नीचे उतरने की कोशिश की, लेकिन स्थिति बिगड़ने पर वह टंकी पर ही फंस गया और मदद के लिए आवाज लगाने लगा। युवक की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल प्रशासन को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही अधिकारियों ने राहत-बचाव की व्यवस्था शुरू की।

ग्रामीण युवक ने दिखाई बहादुरी

सूचना मिलने पर प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) प्रशांत कुमार भी मौके पर पहुंचे। इसी दौरान स्थानीय युवक विकास यादव ने साहस दिखाते हुए टंकी पर चढ़कर कमलेश गुप्ता को सुरक्षित नीचे उतारने का जिम्मा उठाया। बताया जाता है कि बचाव के दौरान मधुमक्खियों ने विकास यादव पर भी हमला किया, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और काफी मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया।

यह भी पढ़ें: मजदूरी भुगतान में देरी पर भड़के मजदूर, कंपनी कार्यालय में हंगामा; एचआर मैनेजर से मारपीट का आरोप

सुरक्षित बचाव के बाद मिली राहत

युवक के सुरक्षित नीचे उतरते ही ग्रामीणों और परिजनों ने राहत की सांस ली। मौके पर मौजूद लोगों ने विकास यादव की बहादुरी की सराहना की और उनके साहस की प्रशंसा की। घटना के बाद बीडीओ प्रशांत कुमार ने सुरक्षा के मद्देनजर पानी टंकी की घेराबंदी कराने का निर्देश दिया है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Share this news