Samachar Post रिपोर्टर, चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के कुमारडुंगी थाना क्षेत्र स्थित खंडखोरी गांव में एक महिला की हत्या से सनसनी फैल गई। गांव निवासी 47 वर्षीय शुनु गोप की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के अनुसार सोमवार को महिला का शव मिलने के बाद गांव में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में हत्या का मामला सामने आया, जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी।
एसपी के निर्देश पर गठित हुई विशेष टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए पश्चिमी सिंहभूम पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जगन्नाथपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) के नेतृत्व में विशेष जांच दल का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर लगातार छानबीन की। जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी एडका उर्फ चोके सिंह (33 वर्ष), निवासी खंडखोरी, टोला मटकम साई, को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया स्टील का चाकू भी बरामद कर लिया है। बरामद हथियार को जब्त कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी और मृतका के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते आरोपी ने कथित तौर पर महिला की हत्या कर दी। हालांकि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें: 20 चोरी की बाइक बरामद, दो शातिर चोर गिरफ्तार; चाईबासा-जमशेदपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
BNS की धाराओं में दर्ज हुआ मामला
घटना के संबंध में कुमारडुंगी थाना में कांड संख्या 15/2026 दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और 238 के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले के खुलासे में जगन्नाथपुर एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित टीम और कुमारडुंगी थाना पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।