Samachar Post रिपोर्टर,चाईबासा :पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर प्रखंड अंतर्गत गुलकेड़ा पंचायत में रविवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। पंचायत के पूर्व उप मुखिया संजय बोयपाई (44) की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि परिजनों और ग्रामीणों में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए छानबीन तेज कर दी गई है। जानकारी के अनुसार, गुईगांव निवासी संजय बोयपाई खेती-किसानी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। वे गुलकेड़ा पंचायत के पूर्व उप मुखिया रह चुके थे और क्षेत्र में सामाजिक रूप से सक्रिय एवं लोकप्रिय व्यक्तित्व के रूप में जाने जाते थे। बताया जा रहा है कि रविवार रात भोजन करने के बाद वे अपने घर के आंगन में सो रहे थे। इसी दौरान रात करीब 12 बजे दो से तीन मोटरसाइकिलों पर सवार कुछ अज्ञात लोग वहां पहुंचे और उन्हें निशाना बनाया।
यह भी पढ़ें :जमशेदपुर के MGM अस्पताल की बदहाल व्यवस्था उजागर, बेटे का शव गोद में उठाकर ले जाने को मजबूर हुआ पिता
कनपटी में गोली लगने से मौके पर मौत
प्राथमिक जानकारी के अनुसार हमलावरों ने संजय बोयपाई की कनपटी पर गोली मारी। गोली लगने के बाद उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। घटना इतनी तेजी से हुई कि आसपास के लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। देर रात गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण अपने घरों से बाहर निकले। घटनास्थल पर पहुंचने पर उन्होंने संजय बोयपाई को खून से लथपथ हालत में पाया। इसके बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। घटना की सूचना मिलते ही गांव में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
संजय बोयपाई अपने पीछे पत्नी मरियम बोयपाई, पुत्र आकाश बोयपाई (18 वर्ष) और पुत्री शीतल बोयपाई (15 वर्ष) को छोड़ गए हैं। परिवार के लिए यह घटना गहरा सदमा साबित हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि संजय बोयपाई सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहते थे और क्षेत्र के लोगों के बीच उनकी अच्छी पहचान थी। उनकी हत्या की खबर से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
हत्या के कारणों की तलाश में पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। साथ ही पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस निजी रंजिश, पुरानी दुश्मनी और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी और मामले के शीघ्र खुलासे की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।
Reporter | Samachar Post