रांची को मिलेगी मजबूत बिजली व्यवस्था की सौगात, 90 हजार से ज्यादा उपभोक्ताओं को होगा फायदा

Rupa Kumari | June 2, 2026 | 10:51 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची: राजधानी रांची और आसपास के इलाकों के बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (JBVNL) अगले तीन महीनों में बिजली व्यवस्था को मजबूत करने वाली तीन महत्वपूर्ण परियोजनाएं शुरू करने जा रहा है। इनमें कोकर और जामचुआं में नए पावर सब स्टेशन तथा टाटीसिलवे में ट्रांसफार्मर रिपेयरिंग वर्कशॉप शामिल हैं। इन परियोजनाओं के शुरू होने से बिजली आपूर्ति अधिक स्थिर, तेज और भरोसेमंद होने की उम्मीद है।

कोकर और जामचुआं में तैयार हुए नए पावर सब स्टेशन

बिजली विभाग के अनुसार कोकर और टाटा रोड स्थित जामचुआं में नए पावर सब स्टेशन लगभग तैयार हो चुके हैं। दोनों केंद्रों पर 5-5 एमवीए क्षमता के दो-दो ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। इनके चालू होने के बाद 20 मेगावाट अतिरिक्त बिजली क्षमता उपलब्ध होगी, जिसमें 10 मेगावाट शहरी और 10 मेगावाट ग्रामीण क्षेत्रों को मिलेगी।

40 हजार आबादी को मिलेगा सीधा लाभ

इन नए सब स्टेशनों के शुरू होने से कोकर, लालपुर, बरियातू, खोरहाटोली और इंडस्ट्रियल एरिया समेत आसपास के क्षेत्रों के करीब 40 हजार लोगों को लाभ मिलेगा। विभाग का दावा है कि लोड शेडिंग, बार-बार ट्रिपिंग, फ्यूज उड़ने और स्थानीय फॉल्ट जैसी समस्याओं में कमी आएगी, जिससे उपभोक्ताओं को बेहतर और निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सकेगी। दोनों परियोजनाओं पर करीब 7.48 करोड़ रुपये की लागत आई है और लगभग दो वर्षों में इनका निर्माण पूरा किया गया है। बिजली व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए टाटीसिलवे में ट्रांसफार्मर रिपेयरिंग वर्कशॉप (TRW) भी शुरू की जा रही है। अभी ट्रांसफार्मर खराब होने पर मरम्मत के लिए चुटिया पावर हाउस जाना पड़ता है, जिससे समय और संसाधनों की अधिक खपत होती है।

यह भी पढ़ें: बेहतर पुलिसिंग के लिए पिठोरिया थाना प्रभारी सतीश कुमार पांडे सम्मानित, ADG ने दिया प्रशस्ति पत्र

50 हजार से ज्यादा उपभोक्ताओं को राहत

नई वर्कशॉप शुरू होने के बाद सिल्ली, बुंडू, तमाड़, ओरमांझी, अनगड़ा, टाटीसिलवे, नामकुम, जोन्हा, मुरी और तुपुदाना क्षेत्र के 50 हजार से अधिक उपभोक्ताओं को फायदा मिलेगा। यहां प्रतिदिन 5 से 6 ट्रांसफार्मरों की मरम्मत की जा सकेगी, जिससे खराब ट्रांसफार्मरों को जल्द ठीक कर बिजली आपूर्ति बहाल की जा सकेगी। ट्रांसफार्मर मरम्मत के लिए चुटिया पावर हाउस तक भारी वाहनों की आवाजाही कम होने से समय की बचत होगी। साथ ही चुटिया रेलवे ब्रिज और आसपास के इलाकों में ट्रैफिक दबाव भी घटेगा, जिससे लोगों को जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।

तीन महीने में शुरू होंगी परियोजनाएं

रांची सर्किल के अधीक्षण अभियंता डीएन साहु के अनुसार कोकर और जामचुआं सब स्टेशन तथा टाटीसिलवे वर्कशॉप का निर्माण अंतिम चरण में है। अगले तीन महीने के भीतर इन सभी परियोजनाओं को चालू कर दिया जाएगा। उनका कहना है कि ये योजनाएं रांची की बिजली व्यवस्था को नई मजबूती देंगी और उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण तथा निर्बाध बिजली सेवा उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाएंगी।

Share this news

संबंधित खबरें