Samachar Post रिपोर्टर, पाकुड़ : जिले के पाकुड़-तिलभिट्टा रेलखंड पर गुरुवार को एक युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना इशाकपुर केबिन के समीप हुई, जहां रेल पटरी के पास युवक का शव बरामद किया गया। सूचना मिलने के बाद रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और सरकारी रेलवे पुलिस (GRP) की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, रेलवे पोल संख्या 153/17 और 153/19 के बीच युवक का शव मिला। शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि वह किसी ट्रेन की चपेट में आया होगा।
मृतक की हुई पहचान
पुलिस जांच में मृतक की पहचान पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र के शाहरकोल पंचायत अंतर्गत चापाड़ांगा गांव निवासी राजेश सरकार के रूप में हुई है। घटना की जानकारी गांव पहुंचते ही परिजनों और स्थानीय लोगों में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलने पर परिवार के सदस्य घटनास्थल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था।
हादसा या आत्महत्या? जांच में जुटी पुलिस
रेल पुलिस ने बताया कि फिलहाल मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। प्रारंभिक स्तर पर दुर्घटना और आत्महत्या दोनों संभावनाओं को ध्यान में रखकर छानबीन की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: चक्रधरपुर रेलवे अस्पताल में जल्द शुरू होगा ब्लड बैंक, केंद्रीय व राज्य स्तरीय टीम ने किया निरीक्षण

गांव में पसरा मातम
राजेश सरकार की मौत की खबर से चापाड़ांगा गांव में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने घटना पर दुख जताते हुए मृतक परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

