जामताड़ा: नारायणपुर थाने के पास से रातभर गुजर रहे बालू लदे वाहन, SDPO ने जांच के दिए निर्देश

Meenu | June 25, 2026 | 11:33 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर,जामताड़ा :जामताड़ा जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र में एक बार फिर अवैध बालू परिवहन चर्चा का विषय बन गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि रात के अंधेरे में बालू लदे ट्रैक्टर और अन्य वाहन बेखौफ होकर थाना क्षेत्र से गुजर रहे हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है।

यह भी पढ़ें :रांची: बर्लिन जनरल हॉस्पिटल में घुसकर डॉक्टर से मारपीट और तोड़फोड़ का आरोप, FIR दर्ज

ग्रामीणों ने प्रशासनिक कार्यशैली पर उठाए सवाल

ग्रामीणों का कहना है कि देर रात तक बालू से लदे वाहन लगातार सड़कों पर दौड़ते दिखाई देते हैं। हैरानी की बात यह है कि ये वाहन नारायणपुर थाना के आसपास से होकर गुजरते हैं, बावजूद इसके न तो उनकी जांच होती है और न ही उन्हें रोका जाता है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि अवैध खनन और परिवहन पर रोक लगाने के लिए बने नियम केवल कागजों तक सीमित नजर आते हैं, जबकि जमीनी स्तर पर स्थिति अलग दिखाई देती है।

कार्रवाई के दावों के बावजूद नहीं बदली स्थिति

क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि समय-समय पर प्रशासन की ओर से अवैध बालू परिवहन के खिलाफ कार्रवाई की बात कही जाती है, लेकिन इसका असर जमीन पर दिखाई नहीं देता। इससे लोगों के बीच प्रशासन की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

जांच होगी, दोषियों पर होगी कार्रवाई- SDPO

मामले को लेकर जब संबंधित SDPO से संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा कि यदि अवैध बालू परिवहन हो रहा है तो यह गंभीर मामला है। उन्होंने आश्वासन दिया कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। SDPO ने कहा कि जांच में यदि अवैध बालू परिवहन की पुष्टि होती है तो इसमें शामिल लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी लोगों की नजर

क्षेत्र में इस बात की चर्चा तेज है कि जब बालू लदे वाहन थाना क्षेत्र से होकर गुजर रहे हैं तो अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई। ऐसे में स्थानीय लोगों की निगाहें पुलिस और प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

Share this news

संबंधित खबरें