Samachar Post रिपोर्टर, जामताड़ा :झारखंड के जामताड़ा जिले में बुधवार रात आकाशीय बिजली ने कहर बरपाया। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए वज्रपात की घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।
यह भी पढ़ें :गुमला में दर्दनाक घटना: महिला ने दो बच्चों के साथ कुएं में कूदकर दी जान, गांव में मातम
शादी समारोह में हुआ दर्दनाक हादसा
जानकारी के अनुसार, बिंदापाथर थाना क्षेत्र के चरकादाहा गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे चार लोग अचानक मौसम खराब होने के दौरान हादसे का शिकार हो गए। देर रात तेज हवा और मूसलाधार बारिश शुरू होने पर सभी लोग बचाव के लिए पास के एक मिट्टी के घर के पास खड़े हो गए। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ घर पर आकाशीय बिजली गिर गई। इस हादसे में विनय सोरेन (50) और विश्वकर्मा टुडू (17) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि शिवसेन टुडू और राकेश मुर्मू गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

नयाडीह गांव में भी वज्रपात से एक की मौत
जिले में वज्रपात की दूसरी घटना नारायणपुर थाना क्षेत्र के नयाडीह गांव में हुई। लक्ष्मीपुर निवासी सनातन हांसदा अपनी ससुराल नयाडीह आए हुए थे। बताया गया कि बुधवार रात वह घर के समीप बैठे थे, तभी अचानक आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए। गंभीर रूप से घायल होने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मानसून के दौरान सतर्क रहने की अपील
लगातार हो रही बारिश और खराब मौसम के बीच प्रशासन ने लोगों से खुले स्थानों, पेड़ों और कच्चे मकानों के आसपास खड़े होने से बचने की अपील की है। मौसम खराब होने पर सुरक्षित स्थानों में शरण लेने की सलाह दी गई है।

Reporter | Samachar Post

