मधुबनी में मुहर्रम जुलूस के दौरान हादसा, ट्रैक्टर की चपेट में आने से युवक की मौत

Rupa Kumari | June 27, 2026 | 10:58 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर, बिहार : बिहार के मधुबनी जिले में मुहर्रम के ताजिया जुलूस के दौरान शुक्रवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। बेनीपट्टी थाना क्षेत्र के मेघवन गांव में जुलूस के दौरान ट्रैक्टर की चपेट में आने से 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। मृतक की पहचान मेघवन गांव निवासी तेज नारायण यादव के पुत्र अमरजीत कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह ताजिया जुलूस देखने के लिए मौके पर मौजूद था।

जुलूस के दौरान हुआ हादसा

स्थानीय लोगों के अनुसार, डीजे और ताजिया के साथ जुलूस गांव से करदहुली की ओर जा रहा था। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग जुलूस में शामिल थे और पारंपरिक प्रदर्शन कर रहे थे। इसी बीच अमरजीत कुमार ट्रैक्टर के समीप पहुंच गया और किसी तरह वाहन की चपेट में आ गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल बेनीपट्टी अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद जुलूस में भी कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

यह भी पढ़ें: साहिबगंज में जमा पूंजी फंसने का आरोप, ग्रामीणों ने क्रेडिट को-ऑपरेटिव से पैसे नहीं मिलने पर थाने में दी शिकायत

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलने पर बेनीपट्टी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी अनूप कुमार ने बताया कि हादसे से जुड़े सभी तथ्यों की जांच की जा रही है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद घटना के संबंध में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share this news

संबंधित खबरें