Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर: शहर के जुगसलाई थाना क्षेत्र में महज 122 रुपये के बकाया भुगतान को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प और फायरिंग तक पहुंच गया। आरोप है कि पैसे मांगने पर दो युवकों ने पहले दुकानदार के साथ मारपीट की, दुकान में तोड़फोड़ की और बाद में इलाके में दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग कर फरार हो गए। घटना रविवार रात करीब आठ बजे की बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोगों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
बकाया मांगने पर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक जुगसलाई के मिल्लत नगर स्थित हबीब नगर निवासी इम्तियाज की जनरल स्टोर की दुकान है। रविवार रात आसिफ नामक युवक उनकी दुकान पर पहुंचा और बताया कि राज बच्चा ने कुछ सामान मंगवाया है। इम्तियाज ने 122 रुपये का सामान आसिफ को दे दिया और बकाया राशि का पुर्जा बनाकर उसके हाथों राज बच्चा के पास भेज दिया। आरोप है कि कुछ ही देर बाद राज बच्चा और उसका साथी पलटन बाइक से दुकान पर पहुंचे और पैसे मांगने की बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।
यह भी पढ़ें: सरिया में घर के पीछे मिला व्यक्ति का शव, परिजनों ने जमीन विवाद में हत्या की जताई आशंका
मारपीट के बाद दुकान में तोड़फोड़
दुकानदार का आरोप है कि दोनों युवकों ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की और दुकान में जमकर तोड़फोड़ की। इस दौरान दुकान के सामानों को भी नुकसान पहुंचाया गया। स्थिति बिगड़ती देख इम्तियाज ने दुकान का शटर गिरा दिया, लेकिन आरोपियों ने शटर पर भी लात मारकर हंगामा जारी रखा। कुछ देर बाद दोनों युवक वहां से चले गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ समय बाद दोनों आरोपी फिर से मोहल्ले में पहुंचे और लोगों में दहशत फैलाने के उद्देश्य से दो राउंड हवाई फायरिंग कर मौके से फरार हो गए। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। घटना के बाद पूरे इलाके में भय और तनाव का माहौल बन गया।
पुलिस को मिला खोखा, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही जुगसलाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस को घटनास्थल से एक खोखा बरामद हुआ है, जिसे जब्त कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान और उनकी गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा सके। स्थानीय लोगों का दावा है कि दोनों आरोपी हबीब नगर क्षेत्र के ही रहने वाले हैं। पुलिस का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। वहीं फायरिंग की घटना के बाद क्षेत्र के लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।