Samachar Post रिपोर्टर, रांची: लंबे इंतजार और कानूनी विवाद के बाद झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) ने सिविल जज (जूनियर डिविजन) प्रारंभिक परीक्षा-2024 की फाइनल आंसर-की जारी कर दी है। हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट की सख्त टिप्पणियों के बाद आयोग ने यह कदम उठाया है। अब अभ्यर्थियों की नजर संशोधित परिणाम और नई मेरिट लिस्ट पर टिकी है। जेपीएससी ने सिविल जज (जूनियर डिविजन) के 138 पदों पर नियुक्ति के लिए 10 मार्च 2024 को प्रारंभिक परीक्षा आयोजित की थी। परीक्षा के बाद आयोग ने तीन बार मॉडल आंसर-की जारी की और 2 जुलाई 2024 को पीटी परीक्षा का परिणाम प्रकाशित करते हुए 1797 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया था।
मॉडल उत्तर और आरक्षण को लेकर उठा विवाद
रिजल्ट जारी होने के बाद कई अभ्यर्थियों ने मॉडल उत्तरों में त्रुटियों का आरोप लगाया। साथ ही आरक्षण नीति और दिव्यांग कोटा को लेकर भी सवाल खड़े किए गए। मामला धीरे-धीरे अदालत तक पहुंच गया और झारखंड हाईकोर्ट से होते हुए सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई। अभ्यर्थियों का आरोप था कि न्यायालय के निर्देशों के बावजूद आयोग संशोधित परिणाम जारी करने में देरी कर रहा है। इसे लेकर आयोग के खिलाफ अवमानना याचिका भी दायर की गई थी। सुनवाई के दौरान अदालत ने आयोग के रवैये पर नाराजगी भी जताई थी।
फाइनल आंसर-की में हुए अहम बदलाव
सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद जारी फाइनल आंसर-की में कुल 100 प्रश्नों में से पांच प्रश्नों के उत्तर बदले गए हैं, जबकि दो प्रश्नों को पूरी तरह ड्रॉप कर दिया गया है। इससे अभ्यर्थियों के अंकों और मेरिट सूची पर प्रभाव पड़ सकता है। आयोग ने यह भी स्वीकार किया कि तीन प्रश्न ऐसे थे जिनके सभी विकल्प गलत थे। ऐसे मामलों में सभी उम्मीदवारों को समान रूप से लाभ देते हुए प्रत्येक प्रश्न के लिए एक-एक अंक देने का फैसला किया गया है। फाइनल आंसर-की जारी होने के बाद अब आयोग संशोधित कटऑफ और नई मेरिट लिस्ट जारी करेगा। इसके बाद मुख्य परीक्षा की नई तिथि घोषित किए जाने की संभावना है। लंबे समय से भर्ती प्रक्रिया में देरी झेल रहे अभ्यर्थियों को उम्मीद है कि अब चयन प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ेगी।
यह भी पढ़ें: रांची को मिलेगी मजबूत बिजली व्यवस्था की सौगात, 90 हजार से ज्यादा उपभोक्ताओं को होगा फायदा
अगस्त 2023 से चल रही है भर्ती प्रक्रिया
सिविल जज (जूनियर डिविजन) भर्ती प्रक्रिया अगस्त 2023 में शुरू हुई थी। कुल 138 पदों में 60 पद अनारक्षित वर्ग के लिए निर्धारित हैं। इसके अलावा 28 पद अनुसूचित जनजाति (ST), 12 पद अनुसूचित जाति (SC), 10 पद बीसी-1, 15 पद बीसी-2 और 13 पद आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के लिए आरक्षित हैं। करीब दो वर्षों से लंबित इस भर्ती प्रक्रिया में फाइनल आंसर-की का जारी होना एक महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है। अब हजारों अभ्यर्थियों को संशोधित परिणाम और मुख्य परीक्षा की तारीख का इंतजार है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।