जामताड़ा के युवक के आधार नंबर से राजस्थान में राशन उठाने का मामला, जांच के आदेश

Rupa Kumari | June 24, 2026 | 12:20 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, जामताड़ा : जिले के नारायणपुर प्रखंड के टोंगोडीह गांव से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक का नाम स्थानीय राशन कार्ड में जोड़ने के दौरान पता चला कि उसके आधार नंबर से राजस्थान में पहले से राशन कार्ड का लाभ लिया जा रहा है। मामला सामने आने के बाद इसे जिला प्रशासन के जनता दरबार में उठाया गया, जहां जांच के निर्देश दिए गए हैं।

राशन कार्ड में नाम जोड़ने के दौरान खुला मामला

जानकारी के अनुसार, अब्दुल हमीद अपने बेटे जियाउल अंसारी का नाम परिवार के राशन कार्ड में जोड़वाना चाहते थे। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन किया गया, लेकिन सत्यापन प्रक्रिया के दौरान सिस्टम में यह जानकारी सामने आई कि संबंधित आधार नंबर पहले से राजस्थान में राशन वितरण प्रणाली से जुड़ा हुआ है। इस कारण आवेदन आगे नहीं बढ़ सका और परिवार को परेशानी का सामना करना पड़ा।

यह भी पढ़ें: लातेहार में हाइवा और कार की टक्कर, युवक की मौत; सड़क जाम कर ग्रामीणों का प्रदर्शन

जनता दरबार में पहुंची शिकायत

मामले को लेकर अब्दुल हमीद अपने बेटे के साथ उपायुक्त के जनता दरबार पहुंचे। शिकायत सुनने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया। प्रथम दृष्टया यह मामला आधार संख्या के दुरुपयोग, गलत लिंकिंग या पहचान संबंधी गड़बड़ी से जुड़ा हो सकता है।शिकायत मिलने के बाद उपायुक्त ने जिला आपूर्ति पदाधिकारी को पूरे मामले की जांच करने का निर्देश दिया है। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि संबंधित आधार नंबर राजस्थान की सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) से कैसे जुड़ा और वहां राशन लाभ किस व्यक्ति द्वारा लिया जा रहा है।

पहचान और लाभार्थी सत्यापन पर उठे सवाल

घटना ने राशन वितरण प्रणाली और आधार आधारित सत्यापन प्रक्रिया को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। यदि शिकायत सही पाई जाती है, तो यह पहचान संबंधी त्रुटि या किसी प्रकार की धोखाधड़ी का मामला हो सकता है। फिलहाल प्रशासन मामले की जांच कर रहा है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share this news

संबंधित खबरें