Samachar Post रिपोर्टर, जामताड़ा : जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र के चितामी गांव में एक प्रेमी जोड़े को कथित रूप से आपत्तिजनक स्थिति में पकड़े जाने के बाद मामला थाने तक पहुंच गया। ग्रामीणों ने युवक को कुछ समय के लिए रोककर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस दोनों को थाने ले गई। जानकारी के अनुसार, 23 वर्षीय रोजीना खातून और चंपापुर निवासी मुर्शीद अंसारी के बीच पिछले करीब एक वर्ष से प्रेम संबंध था। युवती का कहना है कि युवक उससे मिलने उसके घर आया था। इसी दौरान ग्रामीणों को इसकी जानकारी मिल गई और दोनों को पकड़ लिया गया।
युवती ने लगाए गंभीर आरोप
मामले ने नया मोड़ तब लिया जब युवती ने थाने में लिखित शिकायत देकर युवक पर शादी का झांसा देकर लंबे समय तक शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया। शिकायत में उसने दावा किया कि पिछले एक वर्ष से उसे विवाह का भरोसा दिलाया जाता रहा और इसी आधार पर उसका यौन शोषण किया गया।
यह भी पढ़ें: रिम्स में एडमिशन गड़बड़ी की जांच तेज, CID टीम ने शुरू की रिकॉर्ड खंगालने की कार्रवाई
पहले हो चुका है तलाक
युवती ने पुलिस को बताया कि उसकी पहले शादी हो चुकी थी, लेकिन बाद में तलाक हो गया। उसके दो बच्चे हैं, जो वर्तमान में उसके पूर्व पति के साथ रहते हैं। तलाक के बाद ही उसकी पहचान मुर्शीद अंसारी से हुई और दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। नारायणपुर थाना पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों के परिजनों को थाने बुलाया गया है। मामले की जांच की जा रही है और सभी पक्षों के बयान लिए जा रहे हैं।

शादी को लेकर भी चल रही बातचीत
पुलिस के मुताबिक, दोनों परिवारों के बीच आपसी सहमति से विवाह की संभावना को लेकर भी चर्चा चल रही है। हालांकि, युवती द्वारा लगाए गए आरोपों की कानूनी जांच अलग से की जाएगी और आगे की कार्रवाई तथ्यों एवं जांच के आधार पर तय होगी। पुलिस ने फिलहाल मामले में कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला है और जांच जारी है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

